Site icon Dainik Savera Times

देशभर में मॉनसून का असर, पंजाब समेत कई राज्यों में बाढ़ से मचा हाहाकार, जानें ताजा अपडेट

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है। मानसून (Monsoon) के सक्रिय होते ही दिल्ली से लेकर यूपी, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल और बिहार तक आसमान में बादलों का डेरा है। वहीं, दिल्ली में लगातार हो रही बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने आज राजधानी के कई इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

पूर्वी दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, मध्य दिल्ली और शाहदरा में तेज से मध्यम बारिश हो सकती है। सड़कों पर पानी भरने और ट्रैफिक जाम की समस्या खड़ी हो सकती है। यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा और बढ़ गया है।

पंजाब में बाढ़ का संकट
पंजाब में इस समय कई इलाके बाढ़ से प्रभावित हैं। अगले कुछ दिनों तक मॉनसून सक्रिय रहेगा और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। दिन का अधिकतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। मौसम तो सुहावना है, लेकिन बाढ़ की वजह से लोगों की परेशानियां कम नहीं हो रही हैं।

उत्तर प्रदेश और बिहार में बाढ़ से हाहाकार
उत्तर प्रदेश और बिहार में नदियाँ खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। गंगा, यमुना और अन्य नदियों के पानी बढ़ने से हजारों लोगों को घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जाना पड़ा है। खेतों में पानी भरने से फसलें बर्बाद हो रही हैं और किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सरकार और राहत एजेंसियाँ बचाव कार्य कर रही हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश से काम में दिक्कत आ रही है।

उत्तर प्रदेश में लखनऊ समेत 65 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट है। बिहार में कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ जगहों पर बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।

पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार बारिश से हालात बिगड़ रहे हैं। जगह-जगह भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाएँ हो रही हैं। कई सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे यातायात बाधित है। प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और पर्यटकों को फिलहाल पहाड़ों की यात्रा टालने की सलाह दी है।

 

Exit mobile version