Dainik Savera Times

Monsoon Update : दिल्ली में मानसून की एंट्री, राजस्थान में बारिश का अलर्ट… जानिए UP, बिहार समेत अन्य राज्यों का हाल

नेशनल डेस्क : जून का महीना कुछ ही दिनों के बाद खत्म होने वाला है। मंगलवार, 24 जून को मानसून आने की पूरी संभावना जताई गई है। दिल्ली में मानसून इस बार अपनी सामान्य तारीख से पहले ही पहुंच सकता है। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए आज के दिन के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और दिनभर गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। स्काइमेट वेदर एजेंसी के अनुसार, दिल्ली में उमस, पूर्वी हवाओं का बहना और तापमान में गिरावट मानसूनी बारिश के संकेत दे रहे हैं। मंगलवार को हल्की बारिश हो सकती है, जबकि बुधवार और सप्ताह के अन्य दिनों में भारी बारिश का अनुमान है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट

दक्षिण-पश्चिम मानसून के कारण राजस्थान में बारिश का सिलसिला जारी है। कई जगहों पर नदियां उफान पर हैं। IMD के अनुसार, मंगलवार को कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग में कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में 25 से 27 जून के बीच तेज आंधी और बारिश की संभावना है। इसके अलावा, 27 जून से पूर्वी राजस्थान में एक बार फिर भारी बारिश देखने को मिल सकती है क्योंकि बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी तंत्र (Weather System) बनने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश: ऑरेंज अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। IMD ने राज्य के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। शुक्रवार को मानसून हिमाचल पहुंच चुका है और अब यह राज्य के अन्य हिस्सों में भी तेज़ी से फैलने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में राहत की बारिश

गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर में रुक-रुक कर बारिश हो रही है जिससे गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने इन जिलों में आज भारी बारिश की संभावना जताई है और सप्ताह भर छिटपुट बारिश जारी रह सकती है।

मध्य प्रदेश : 27 जून तक भारी बारिश का दौर

पश्चिमी मध्य प्रदेश में मंगलवार को कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पूरे मध्य प्रदेश में 27 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।

बिहार, झारखंड और ओडिशा का हाल 

इन तीनों राज्यों में भी मानसून सक्रिय हो चुका है। 27 जून तक इन राज्यों में कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। विदर्भ क्षेत्र में भी 25 और 26 जून को बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

गुजरात (सूरत) : जलभराव से जनजीवन प्रभावित

सूरत में 100 मिमी से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है, जिससे शहर के कई हिस्सों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं। 4-5 रिहायशी सोसायटियों में पानी भर गया है। हालांकि अब तक किसी जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। SDM जिगना परमार के मुताबिक, हालात पर नजर रखी जा रही है।

पूरे भारत में मानसून ने तेज़ी से दस्तक देनी शुरू कर दी है, और कई राज्यों में भारी बारिश और चेतावनियाँ जारी हो चुकी हैं। आपको बारिश से संबंधित स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करना चाहिए और सुरक्षित जगहों पर रहने की कोशिश करनी चाहिए।

Exit mobile version