Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

MP New CM : छत्तीसगढ़ के बाद मध्य प्रदेश में भाजपा विधायक दल की बैठक आज, सीएम के नाम पर लग सकती है मुहर

December 11, 2023

MP New CM : छत्तीसगढ़ के बाद मध्य प्रदेश में भाजपा विधायक दल की बैठक आज, सीएम के नाम पर लग सकती है मुहर

भोपाल। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री तय हो गया है, अब बारी मध्य प्रदेश व राजस्थान की है। संभावना जताई जा रही है कि सोमवार को मध्य प्रदेश व मंगलवार को राजस्थान में नए मुख्यमंत्री की घोषणा हो जाएगी। मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री को लेकर एक सप्ताह से जारी संशय सोमवार को विधायक दल की बैठक में समाप्त होने की उम्मीद है। भारतीय जनता पार्टी ने (BJP) छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री तय कर दिया है। वहीं अब बारी मध्य प्रदेश व राजस्थान की है। भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की आज राजधानी भोपाल में महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। दल का नेता ही राज्य का अगला मुख्यमंत्री होगा।

जानकारी के मुताबिक भाजपा की प्रदेश इकाई के अनुसार दिन में चार बजे शुरु होने वाली बैठक में केंद्रीय संगठन की ओर से नियुक्त तीनों पर्यवेक्षक हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, पार्टी के ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष डा. के लक्ष्मण और राष्ट्रीय सचिव आशा लकड़ा भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान सभी 163 नवनिर्वाचित विधायक अपना नेता चुनेंगे। इनमें अधिकतर विधायक भोपाल पहुंच चुके हैं। बैठक में मौजूदा मुख्यमंत्री एवं बुधनी से विधायक शिवराज सिंह चौहान के अलावा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और प्रदेश संगठन के जिम्मेदार नेता भी मौजूद रहेंगे। इस बीच नए मुख्यमंत्री के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मुरैना जिले के दिमनी से नवनिर्वाचित विधायक नरेंद्र सिंह तोमर का नाम भी लिया जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं इंदौर एक विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित कैलाश विजयर्गीय को भी महत्वपूर्ण दायित्व दिए जाने की संभावना है।

नरसिंहपुर विधायक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल की दावेदारी भी सामने आयी है। आज सोमवार को विधायक दल का नेता चुने जाने के साथ ही राज्य की नई सरकार के गठन को लेकर भी तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी। सरकार के गठन के दौरान वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 29 सीटों पर पार्टी की जीत के लक्ष्य को ध्यान में रखा जाएगा। इसके लिए जातिगत, राजनैतिक, क्षेत्रीय और अन्य समीकरणों को भी साधने की पूरी संभावना है।

ये भी पढ़ें – वरिष्ठ आदिवासी नेता विष्णुदेव साय होंगे छत्तीसगढ़ अगले मुख्यमंत्री

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें