नई दिल्ली : आप नेता राघव चड्ढा ने आज केंद्र सरकार से दिल से अपील की कि वे पाकिस्तान सरकार से बातचीत करके श्री गुरु नानक देव जी के पवित्र जन्मस्थान श्री ननकाना साहिब तक सुरक्षित गलियारा स्थापित करें। यह वर्तमान में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में स्थित है। शांति, प्रेम और भाईचारे के संदेश फैलाने के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं पर जोर देते हुए राघव चड्ढा ने अनुयायियों के लिए इस गलियारे के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने श्री करतारपुर साहिब गलियारे से तुलना की, जिसने लोगों को आस्था में एकजुट किया है और उम्मीद जताई कि यह नया गलियारा श्रद्धालुओं के साझा सपनों और आध्यात्मिक संबंधों को पूरा करेगा।
उन्होंने इस संबंध में 3 मांगें उठाईं-
1. श्री करतारपुर गलियारे की तरह ही भारत सरकार को इस श्री ननकाना साहिब गलियारे को स्थापित करने के लिए कूटनीति का इस्तेमाल करना चाहिए।
2. श्रद्धालुओं के लिए पासपोर्ट, वीजा और बोझिल फॉर्म की अनिवार्यता नहीं होनी चाहिए। साथ ही श्रद्धालुओं से कोई शुल्क भी नहीं लिया जाना चाहिए।
3. अमृतसर (अटारी वाघा बॉर्डर) से शुरू होकर पाकिस्तान में श्री ननकाना साहिब तक एक सुरक्षित सड़क मार्ग बनाया जाना चाहिए।

