Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

Mumbai Crime Branch को मिली बड़ी सफलताः सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले 2 आरोपी गुजरात से गिरफ्तार

April 16, 2024

Mumbai Crime Branch को मिली बड़ी सफलताः सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले 2 आरोपी गुजरात से गिरफ्तार

मुंबई/भुज। मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर कथित तौर पर गोलीबारी करने वाले एक व्यक्ति समेत दो लोगों को गुजरात से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। कच्छ-पश्चिम के उप महानिरीक्षक महेंद्र बागड़िया ने बताया कि बिहार के रहने वाले विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) को सोमवार देर रात गुजरात के कच्छ जिले के माता नो माध गांव से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि तकनीकी निगरानी के आधार पर कच्छ-पश्चिम और मुंबई पुलिस के संयुक्त दल ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।

बागड़िया ने बताया कि आरोपियों को मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया क्योंकि शिकायत वहां दर्ज है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पाल और गुप्ता दोनों को जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह ने सलमान के घर पर गोलीबारी करने के लिए कहा था। बागड़िया ने बताया कि जब पाल ने गोलीबारी की, तो गुप्ता गिरोह के सदस्यों के संपर्क में था। रविवार सुबह करीब पांच बजे, मुंबई के बांद्रा इलाके में गैलेक्सी अपार्टमेंट में 58 वर्षीय खान के घर के बाहर मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने गोलीबारी की और फरार हो गए।

एक अधिकारी ने सोमवार को बताया था कि आरोपियों ने नवी मुंबई के पनवेल में एक महीने के लिए एक घर किराए पर लिया था, जहां अभिनेता का फार्महाउस है। अधिकारी ने बताया था कि पुलिस ने गोलीबारी की घटना की जांच के तहत सोमवार को नवी मुंबई के तीन लोगों से पूछताछ की थी, जिनमें मकान मालिक, अपराध में इस्तेमाल किए गए दोपहिया वाहन के पिछले मालिक, वाहन खरीदवाने वाले एजेंट और कई अन्य शामिल थे। पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल को अभिनेता के घर से एक किलोमीटर की दूरी पर मुंबई में माउंट मैरी चर्च के पास छोड़ दिया गया था।

कल हुई थी आरोपियों की सीसीटीवी के जरिए पहचान
महाराष्ट्र के बांद्रा में अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कथित तौर पर इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल के मालिक से पुलिस पूछताछ कर रही है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने मोटरसाइकिल सलमान के घर से लगभग एक किलोमीटर दूर माउंट मैरी गिरजाघर के पास छोड़ दी थी। उन्होंने बताया कि यह मोटरसाइकिल नवी मुंबई के पनवेल इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है।

पनवेल के सहायक पुलिस आयुक्त अशोक राजपूत ने बताया कि उस व्यक्ति ने हाल ही में मोटरसाइकिल किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दी थी। बांद्रा के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर दो लोगों ने सुबह करीब पांच बजे चार गोलियां चलाईं और मौके से भाग निकले। अधिकारी ने बताया कि जांच में सामने आया कि लावारिस छोड़ी गई मोटरसाइकिल पनवेल में रहने वाले एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है, जिसके बाद अपराध शाखा की एक टीम वहां गई और वाहन मालिक व दो अन्य लोगों को पूछताछ के लिए ले आई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें