Site icon Dainik Savera Times

पकड़ा गया सलमान खान को मारने की धमकी देने वाला आरोपी, 5 करोड़ की मांगी थी फिरौती

salman khan

salman khan

मुंबई। बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को जान से मारने धमकी और पांच करोड़ रुपए की फिरौती मांगने वाले को मुंबई पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार किया है। दरअसल, कुछ दिन पहले मुंबई ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर पर सलमान खान को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी मिली थी। धमकी देने वाले आरोपी ने पांच करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की थी और बॉलीवुड एक्टर को जान से मारने को कहा था। हालांकि, बाद में आरोपी ने उसी हेल्पलाइन नंबर पर माफी थी। अब मुंबई पुलिस ने आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है और उसको पूछताछ के लिए मुंबई ले जाया जा रहा है।

मुंबई पुलिस ने बुधवार को बताया कि सलमान खान को धमकी देने वाला आरोपी झारखंड के जमशेदपुर से गिरफ्तार किया गया है। वर्ली पुलिस की एक टीम उससे पूछताछ कर रही है। बता दें कि पिछले हफ्ते मुंबई ट्रैफिक पुलिस की व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर सलमान खान से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांग करते हुए एक धमकी भरा संदेश मिला था। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।

बॉलीवुड एक्टर को चेतावनी दी गई थी अगर उन्होंने जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ मामले को सुलझाने के लिए 5 करोड़ रुपये नहीं दिए तो उनका हश्र मारे गए मुंबई के एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी से भी बुरा होगा। यह धमकी भरा मैसेज मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर पर 17 अक्टूबर को आया था। आरोपी ने अपने मैसेज में लिखा था, ‘अगर सलमान खान जिंदा रहना चाहते हैं और लॉरेंस बिश्नोई से दुश्मनी खत्म करना चाहते हैं, तो उन्हें 5 करोड़ रुपये देने होंगे। अगर ऐसा नहीं किया तो उनका हश्र बाबा सिद्दीकी से भी बुरा होगा।’ हालांकि, उसी हेल्पलाइन नंबर पर एक और मैसेज आया, जिसमें दावा किया गया था कि पहला वाला मैसेज गलती से भेजा गया था।

Exit mobile version