Site icon Dainik Savera Times

मुस्लिम धर्मगुरु ने UNO महासचिव को लिखा पत्र, PM मोदी के लिए कर दी ये बड़ी मांग

नेशनल डेस्क : अलीगढ़ में इन दिनों एक खास पत्र को लेकर जबरदस्त चर्चा हो रही है, जो सीधे संयुक्त राष्ट्र (UNO) को लिखा गया है। यह पत्र किसी आम व्यक्ति का नहीं, बल्कि भारतीय समाज सेवक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुस्लिम धर्मगुरु चौधरी इफ्राहिम हुसैन का है। उन्होंने इस पत्र में एक बड़ी मांग उठाई है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व स्तर पर “सुप्रीम लीडर” घोषित किया जाए। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

शांति के दूत के रूप में मोदी की भूमिका

आपको बता दें कि चौधरी इफ्राहिम हुसैन का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले वर्षों में विश्व मंच पर शांति, सौहार्द और संवाद की मिसाल पेश की है। चाहे वह यूक्रेन-रूस युद्ध हो, इजराइल-गाजा संघर्ष या फिर दुनिया के किसी और कोने में चल रही हिंसा हो, PM मोदी ने हर बार संयम और शांति का संदेश दिया है। यही वजह है कि इफ्राहिम हुसैन का मानना है कि पीएम मोदी को अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें पूरे विश्व का नेता यानी “सुप्रीम लीडर” घोषित किया जाना चाहिए।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव को भेजा गया पत्र

इस मांग को लेकर इफ्राहिम हुसैन ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) को एक औपचारिक पत्र भी भेजा है। उन्होंने लिखा है कि प्रधानमंत्री मोदी “वसुधैव कुटुंबकम” यानी “संपूर्ण विश्व एक परिवार है” की भावना के साथ विश्व में शांति और समरसता फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिस समय दुनिया के कई देश तनाव, युद्ध और हिंसा से जूझ रहे हैं, ऐसे में मोदी जैसे नेताओं की भूमिका बेहद अहम हो जाती है।
भारत की संस्कृति और विश्व शांति का संदेश

पत्र में यह भी लिखा गया है कि भारत की संस्कृति जीव-जंतु, प्रकृति और मानवता के बीच संतुलन की बात करती है। “वसुधैव कुटुंबकम” का मूल विचार न सिर्फ मनुष्यों में, बल्कि सभी जीवों और प्रकृति के साथ एकता और सह-अस्तित्व की सोच को बढ़ावा देता है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने विदेश दौरों और मंचों पर इस सोच को हमेशा प्रस्तुत किया है, जिससे उनकी छवि शांति के दूत जैसी बन गई है।

पत्र से मचा सियासी हलचल

वहीं इस पत्र के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। चूंकि यह मांग एक मुस्लिम धर्मगुरु की तरफ से आई है, जो सामान्य तौर पर सियासी तौर पर अलग खेमे में माने जाते हैं, इसलिए भी इस पर चर्चा तेज हो गई है। लोग इस बात पर बहस कर रहे हैं कि क्या सचमुच पीएम मोदी को विश्व का सर्वोच्च नेता घोषित किया जाना चाहिए या यह केवल एक प्रतीकात्मक मांग है।
अब सबकी निगाहें यूएनओ की प्रतिक्रिया पर

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि संयुक्त राष्ट्र इस पत्र और मांग पर क्या प्रतिक्रिया देता है? क्या वाकई प्रधानमंत्री मोदी को कोई अंतरराष्ट्रीय सम्मान या दर्जा मिलेगा? या यह मामला केवल चर्चा तक ही सीमित रहेगा? फिलहाल इतना तय है कि अलीगढ़ में लिखा गया यह पत्र अब पूरे देश और अंतरराष्ट्रीय मंच पर चर्चा का विषय बन चुका है।

Exit mobile version