Site icon Dainik Savera Times

बीजापुर में नक्सली हमला: IED ब्लास्ट में एक जवान शहीद, तीन अन्य घायल

नेशनल डेस्क। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से दुखद खबर आई है। यहां नक्सल विरोधी अभियान पर निकली DRG (जिला रिजर्व गार्ड) की टीम IED धमाके की चपेट में आ गई। इस घटना में एक जवान शहीद हो गया, जबकि तीन जवान घायल हो गए। ये विस्फोट इंद्रावती नेशनल पार्क इलाके के चिल्ला मरका गांव के पास हुआ। नक्सलियों ने जंगल में प्रेशर IED (बम) लगाया हुआ था। जैसे ही जवान का पैर उस पर पड़ा, जोरदार धमाका हो गया।

घायल जवान खतरे से बाहर
धमाके में तीन जवान घायल हुए, लेकिन राहत की बात यह है कि उनकी जान को खतरा नहीं है। पुलिस के आईजी पी. सुंदरराज ने बताया कि घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया और बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है।

शहीद जवान की ये हुई पहचान
इस हमले में DRG के जवान दिनेश नाग शहीद हो गए। उनके परिवार को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है।

पिछले हफ्ते भी हुआ था IED विस्फोट
बीजापुर में यह पहला मामला नहीं है। पिछले हफ्ते भी इसी तरह का हादसा हुआ था। 14 अगस्त को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में DRG का एक अधिकारी घायल हो गया था।

उपनिरीक्षक घायल, पैर में चोट
उस समय DRG और STF (विशेष कार्य बल) की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान उपनिरीक्षक प्रकाश चट्टी गलती से IED पर चढ़ गए और विस्फोट हो गया। उनके दाहिने टखने में गंभीर चोट आई। इलाज के बाद उन्हें बड़े अस्पताल रेफर किया गया था।

10 किलो का IED हुआ था बरामद
इसी दौरान, एक अलग अभियान में सुरक्षा बलों ने बीजापुर के तर्रेम थाना क्षेत्र से 10 किलो वजनी IED बरामद किया था। यह भी माओवादियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए लगाया था।

 

Exit mobile version