Jharkhand Naxalites encounter : झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में एक बार फिर नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। जराइकेला थाना क्षेत्र के तिरिपोसी गांव के समीप शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों के खिलाफ मोर्चा संभाला। इस दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए आईईडी बम में विस्फोट हो गया, जिससे कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया।
मुठभेड़ के बीच हुआ आईईडी विस्फोट
पुलिस के मुताबिक, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) से जुड़े नक्सलियों ने जंगल में पूर्व से आईईडी बम प्लांट कर रखा था। सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर और जिला सशस्त्र पुलिस की संयुक्त टीम जब गश्त और तलाशी अभियान चला रही थी, तभी यह विस्फोट हुआ। नक्सलियों का उद्देश्य सुरक्षाबलों को निशाना बनाना था। विस्फोट के चलते मौके पर मौजूद कोबरा बटालियन 209 के जवान सुनील कुमार घायल हो गए, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में अस्पताल भेजा गया।
बरामद किए गए विस्फोटक और अन्य संदिग्ध वस्तुएं
घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में सघन तलाशी अभियान तेज कर दिया है। जिला पुलिस द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि घटनास्थल से विस्फोटक सामग्री, दैनिक उपयोग की वस्तुएं और अन्य संदिग्ध वस्तुएं जब्त की गई हैं। सुरक्षाबलों की टीम ने नक्सलियों के छिपने के ठिकानों को खंगालने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी रखा है।

