Site icon Dainik Savera Times

नयनार नागेंद्रन होंगे तमिलनाडु बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष, अन्नामलई ने रखा प्रस्ताव

नेशनल डेस्क: तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नयनार नागेंद्रन का नाम लगभग तय हो गया है। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष पद के लिए औपचारिक रूप से नामांकन पत्र भर दिया है। खास बात यह है कि मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलई ने खुद उनके नाम का प्रस्ताव रखा है, जिसे पार्टी के कई बड़े नेताओं ने भी समर्थन दिया।

इन नेताओं ने किया उनके नाम का समर्थन 
नयनार नागेंद्रन फिलहाल बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं और तमिलनाडु की तिरुनेलवेली विधानसभा सीट से विधायक भी हैं। इससे पहले वे अन्नाद्रमुक (AIADMK) में थे, लेकिन बाद में बीजेपी में शामिल हो गए। उन्होंने चेन्नई के टी-नगर स्थित बीजेपी मुख्यालय ‘कमलालयम’ में पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। उनके नाम का समर्थन करने वालों में केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन, पूर्व केंद्रीय मंत्री पोन राधाकृष्णन, बीजेपी विधायक और महिला मोर्चा की अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन जैसे नेता शामिल हैं।

तमिलनाडु में पकड़ मजबूत करने में जुटी बीजेपी 
नयनार नागेंद्रन ऐसे समय पर पार्टी की कमान संभाल रहे हैं जब बीजेपी तमिलनाडु में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। पार्टी राज्य की राजनीति में खुद को एक मजबूत विकल्प के रूप में स्थापित करना चाहती है और AIADMK के साथ पुराने गठबंधन को फिर से मजबूत करने की दिशा में भी प्रयास कर रही है। नागेंद्रन का अध्यक्ष बनना इस दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Exit mobile version