Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

राजग ने राजनीति की नई संस्कृति तैयार की है : जे.पी. नड्डा 

November 18, 2024

राजग ने राजनीति की नई संस्कृति तैयार की है : जे.पी. नड्डा 
नवी मुंबई। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महायुति और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने महाराष्ट्र में राजनीति की एक नयी संस्कृति और परिभाषा गढ़ी है। नड्डा ने नवी मुंबई में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हम ऐसी सरकार दे रहे हैं जो लोगों के प्रति जवाबदेह है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी के नेतृत्व में महायुति और राजग ने राजनीति की एक नयी संस्कृति और एक नयी परिभाषा गढ़ी है। आज हमारी सरकार ‘जो कहा गया वह भी किया और जो नहीं कहा वह भी किया’ की राजनीति कर रही है।’’
नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर संविधान को लेकर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया और उनकी आलोचना करते हुए कहा, ‘‘आज राहुल गांधी संविधान की किताब लेकर घूमते हैं। उन्होंने संविधान की किताब पढ़ी तक नहीं है। वह बस, इसे लेकर घूमते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर ने संविधान में लिखा था कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता, लेकिन आज कांग्रेस पार्टी कर्नाटक में निजी ठेकेदारों को निविदा देने में अल्पसंख्यकों को चार प्रतिशत आरक्षण दे रही है।’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आíथक नीति के मोर्चे पर दुनिया को प्रधानमंत्री मोदी में उम्मीद की किरण नजर आ रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘दस साल पहले भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की 12वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थी, लेकिन प्रधानमंत्री ने इसे पांचवें पायदान पर ला दिया।’’ नड्डा ने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा नीत महायुति ‘‘एक उगता हुआ सूरज है जो महाराष्ट्र को रोशनी देगा’’, जबकि महाविकास आघाडी महाराष्ट्र को अंधकार में धकेलने जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘महायुति महाराष्ट्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है जबकि महाविकास आघाडी आपकी परेशानियों को और बढ़ाएगी।’’ नड्डा ने कहा, ‘‘आप महाराष्ट्र में महायुति की सरकार बनवाइए और मोदी के तीसरे कार्यकाल में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।’’
भाजपा अध्यक्ष ने शिवसेना (यूबीटी) के नेता उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘बालासाहेब ठाकरे ने कहा था कि वह अपनी पार्टी खत्म कर देंगे, लेकिन कांग्रेस के साथ समझौता नहीं करेंगे। लेकिन आज उद्धव ठाकरे सत्ता के लिए कांग्रेस की गोद में बैठे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बालासाहेब ठाकरे के विचारों को आगे बढ़ाया है।’’ नड्डा ने कहा, ‘‘सत्ता की खातिर जिस तरह से आपने (उद्धव ठाकरे ने) अपने पिता के विचारों को दरकिनार कर कांग्रेस के साथ समझौता किया है उसके लिए महाराष्ट्र आपको कभी माफ नहीं करेगा।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें