Site icon Dainik Savera Times

NDA में सीट बंटवारे पर बनी बात, चिराग पासवान बोले– जहां पीएम मोदी हैं, वहां सम्मान की चिंता नहीं

chirag paswan

chirag paswan

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) के लिए अच्छी खबर आई है। लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने कहा है कि बीजेपी के साथ उनकी बातचीत बहुत सकारात्मक रही है। उन्होंने बताया कि सीट बंटवारे से लेकर गठबंधन की हर छोटी-बड़ी बात पर चर्चा जारी है। मीडिया से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा, “बहुत ही सकारात्मक बात हुई है। बातचीत जारी है और जल्द ही वो खबर भी आएगी, जिसका आप सभी को इंतजार है। हम सीटों के अलावा बाकी सभी मुद्दों पर भी खुलकर बात कर रहे हैं, ताकि भविष्य में कोई दिक्कत न हो।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा, “जहां हमारे पीएम हैं, वहां मुझे अपने सम्मान की चिंता करने की जरूरत नहीं है।”

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, जो पहले भी चिराग से कई बार मुलाकात कर चुके हैं, ने कहा कि “चिराग पासवान ने साफ कहा है कि बिहार में एनडीए सरकार बनाने की उनकी पूरी योजना तैयार है। बातचीत पूरी तरह सकारात्मक माहौल में चल रही है।”

 

 

पहले सीट बंटवारे पर थी तनातनी
बीजेपी और चिराग पासवान के बीच कुछ समय पहले सीटों की संख्या को लेकर मतभेद थे। इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और धर्मेंद्र प्रधान ने कई दौर की बैठकें कीं। अब चिराग के बयान से साफ है कि एनडीए में जल्द सीटों का ऐलान हो सकता है, जिससे गठबंधन और मजबूत होगा।

 

बिहार चुनाव की तारीखें तय
बिहार में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। राज्य की कुल 243 सीटों के लिए मतदान दो चरणों में होगा।

पहला चरण: 6 नवंबर को 121 सीटों पर मतदान

-दूसरा चरण: 11 नवंबर को बाकी 122 सीटों पर वोटिंग

वोटों की गिनती: 14 नवंबर को होगी

 

महागठबंधन में बढ़ी सीट बंटवारे की टेंशन
जहां एनडीए में बात आगे बढ़ रही है, वहीं महागठबंधन (RJD, कांग्रेस, VIP) में स्थिति उलझी हुई है।

VIP प्रमुख मुकेश साहनी की नाराजगी
वीआईपी प्रमुख मुकेश साहनी ने कल देर रात तेजस्वी यादव से मुलाकात की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। साहनी चाहते हैं कि उन्हें कम से कम 20 सीटें दी जाएं, जबकि RJD और कांग्रेस सिर्फ 12 से 15 सीटें देने को तैयार हैं।

RJD और कांग्रेस में भी सीट को लेकर मतभेद
कांग्रेस और आरजेडी के बीच भी सीट बंटवारे को लेकर मतभेद बरकरार हैं। कांग्रेस के तीनों पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) पटना पहुंच चुके हैं, लेकिन वे अभी तक लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव से मुलाकात नहीं कर पाए हैं।

कांग्रेस का कहना है कि अगर आरजेडी जल्द फैसला नहीं करती, तो वह 13 अक्टूबर से अपने उम्मीदवारों की घोषणा खुद करना शुरू कर देगी। आज कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की ऑनलाइन बैठक भी होने वाली है, जिसमें उम्मीदवारों की अंतिम सूची तैयार की जाएगी।

 

Exit mobile version