Site icon Dainik Savera Times

IPL दोबारा शुरू होने की नई तारीख आई सामने, इस दिन से खेले जाएंगे बचे गए मैच, 3 जून को होगा फाइनल

IPL 2025 Revised Schedule: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टाटा आईपीएल 2025 के शेष मुकाबलों के फिर से शुरू होने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। नए शेड्यूल के तहत बाकी के मैच 17 मई से खेले जाएंगे। बता दें कि भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण ब्लैकआउट की वजह से 8 मई को धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स का मैच बीच में ही रोक देना पड़ा था। बाकी के मैच भी स्थगित कर दिए गए थे, जिसके बाद नए शेड्यूल का इंतजार किया जा रहा था।

नए शेड्यूल के अनुसार, लीग स्टेज के बाकी बचे 13 मैच देश के छह अलग-अलग स्टेडियमों में 17 से 27 मई तक आयोजित होंगे। इसमें पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच अधूरा छूट गया मैच 24 मई को जयपुर में खेला जाएगा। इस बीच आने वाले दोनों रविवार को डबल हेडर (एक दिन में दो मैच) होंगे।

आगे के मैचों के लिए स्टेडियम तय नहीं किए गए हैं। पहला क्वालिफायर 29 मई को और एलीमिनेटर 30 मई को खेला जाएगा। दूसरा क्वालिफायर 1 जून को खेला जाएगा। इसके बाद 3 जून को आईपीएल 2025 का फाइनल होगा।

बीसीसीआई ने बताया कि प्लेऑफ और फाइनल मुकाबलों के स्थानों की जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी।

आईपीएल मैचों की जानकारी देते हुए बीसीसीआई ने भारतीय सशस्त्र बलों की बहादुरी और दृढ़ता को नमन किया है, जिनके प्रयासों से क्रिकेट की सुरक्षित वापसी संभव हो सकी है। बोर्ड ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए आईपीएल के सफल समापन का संकल्प दोहराया है।

उल्लेखनीय है कि 8 मई को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल मैच रद्द हो गया था। बताया गया था कि बिजली सप्लाई प्रभावित होने से स्टेडियम की लाइटें बंद हो गई थीं, जिसके बाद मैच रद्द कर दिया गया था। उस समय तक पहले खेलते हुए पंजाब का स्कोर 10.1 ओवर में 122/1 था।

Exit mobile version