Site icon Dainik Savera Times

जल्द बदलेगा नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम ! BJP सांसद ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, जानिए क्या होगा नया नाम

नेशनल डेस्क : दिल्ली की राजनीति में इन दिनों रेलवे स्टेशनों के नाम बदलने की मांग जोर पकड़ती जा रही है। अब चांदनी चौक से भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर “अटल बिहारी वाजपेयी रेलवे स्टेशन” रखने का आग्रह किया है। उन्होंने इसे भारत रत्न अटल जी की स्मृति को राजधानी में अमर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और भावनात्मक पहल बताया है।

पत्र में अटल जी के योगदान का उल्लेख

खंडेलवाल ने अपने पत्र में लिखा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन देश का सबसे व्यस्त और प्रमुख रेलवे स्टेशन है, जो राजधानी के प्रवेश द्वार के रूप में जाना जाता है। ऐसे स्टेशन का नाम अटल बिहारी वाजपेयी जैसे दूरदर्शी नेता के नाम पर होना न केवल उपयुक्त होगा, बल्कि देशवासियों की भावनाओं का सम्मान भी होगा। उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्र सेवा, लोकतंत्र, और समावेशी विकास के मूल्यों से प्रेरित था। उनके नेतृत्व में भारत ने परमाणु शक्ति, वैश्विक पहचान, आधारभूत ढांचे और आर्थिक विकास के क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल की थीं।

पुरानी दिल्ली स्टेशन के लिए भी नाम परिवर्तन की मांग

प्रवीण खंडेलवाल ने अपने पत्र में दिल्ली जंक्शन (पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन) का नाम “महाराजा अग्रसेन रेलवे स्टेशन” रखने की भी मांग की। इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इसी मांग का समर्थन कर चुकी हैं। खंडेलवाल ने यह भी कहा कि वे इस मुद्दे को लेकर जल्द ही रेल मंत्री से मुलाकात करेंगे और संसद के अगले सत्र में इसे उठाएंगे।

ऐतिहासिक उदाहरण भी दिए गए

खंडेलवाल ने अपने तर्क को मज़बूत करने के लिए उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे मुंबई में “छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस” और बेंगलुरु में “क्रांतिवीर संगोली रायन्ना स्टेशन” का नामकरण ऐतिहासिक महापुरुषों के नाम पर किया गया है, वैसे ही दिल्ली के इस प्रमुख स्टेशन का नाम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह न केवल एक श्रद्धांजलि होगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा।

स्टेशन नाम बदलने की इस मांग ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा को तेज कर दिया है। अब देखना होगा कि सरकार इस प्रस्ताव पर क्या रुख अपनाती है और क्या वाकई नई दिल्ली रेलवे स्टेशन को “अटल बिहारी वाजपेयी रेलवे स्टेशन” के नाम से पुकारा जाएगा। वहीं, महाराजा अग्रसेन के नाम पर दिल्ली जंक्शन का नाम रखने की मांग भी राजनीतिक रूप से संवेदनशील मुद्दा बनती जा रही है।

Exit mobile version