Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

हॉस्पिटल-लाइब्रेरी, 300 कारों के लिए पार्किंग, 150 करोड़ में बनकर तैयार… जानिए कैसा है RSS का नया हाईटेक ऑफिस

February 17, 2025

हॉस्पिटल-लाइब्रेरी, 300 कारों के लिए पार्किंग, 150 करोड़ में बनकर तैयार… जानिए कैसा है RSS का नया हाईटेक ऑफिस

नेशनल डेस्क : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का नया और अत्याधुनिक कार्यालय दिल्ली के झंडेवालान स्थित केशवकुंज में बनकर तैयार हो गया है। इस कार्यालय का उद्घाटन 19 फरवरी को सरसंघचालक मोहन भागवत और सर कार्यवाहक दत्तात्रेय होसबाले के नेतृत्व में संघ कार्यकर्ताओं के साथ होगा। यह भवन आठ साल की मेहनत और 150 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से..

केशवकुंज का इतिहास

आपको बता दें कि केशवकुंज में संघ का कार्यालय पहले से ही मौजूद था। यह कार्यालय 1939 से यहीं स्थित था, लेकिन पहले यह एक छोटे कमरे में था। समय के साथ, 1962 में इसने एक नए परिसर में स्थान लिया, और फिर 2016 में इसके पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई। संघ के विस्तार और महत्वपूर्णता को ध्यान में रखते हुए इस नए भवन का निर्माण कार्य शुरू हुआ।

नया भवन और उसकी विशेषताएँ

केशवकुंज में अब 300 कमरों वाला एक विशाल भवन बनकर तैयार हुआ है। यह भवन 13-13 मंजिलों के तीन टावरों में बसा है और इसका कुल क्षेत्रफल 5 लाख वर्ग फीट है। इस भवन की खासियत यह है कि इसमें एक साथ 1,300 से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता वाले तीन अत्याधुनिक ऑडिटोरियम भी बनाए गए हैं। इसके अलावा, 300 कारों की पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध है।

निर्माण में आई देरी

इस भवन का निर्माण कार्य आठ साल चला। कोरोना महामारी और अनुमति संबंधित समस्याओं के कारण इस परियोजना में देरी हुई। इस निर्माण पर कुल 150 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं, जिन्हें संघ के कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मिले दान से पूरा किया गया।

संघ के नए प्लान और वास्तुकला

नए भवन में संघ का मुख्य आकर्षण हनुमान जी की मूर्ति होगी, जो पहले भी केशवकुंज के कार्यालय में थी। इस मूर्ति को अब नए भवन में स्थापित किया गया है। भवन की वास्तुकला में भारत के विभिन्न प्रदेशों की सांस्कृतिक और स्थापत्य कला की झलक दिखाई देती है। यह भवन सादगी से भरा हुआ है, जो संघ की मूल विचारधारा को दर्शाता है।

शिवाजी जयंती पर प्रवेशोत्सव

19 फरवरी को केशवकुंज में शिवाजी जयंती के मौके पर प्रवेशोत्सव मनाया जाएगा। इस मौके पर सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले की उपस्थिति में समारोह होगा। इस कार्यक्रम में बीजेपी के कई बड़े नेता और राज्यसभा, लोकसभा के सांसदों, राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी मुख्यमंत्री के उपस्थित होने की संभावना है। हालांकि, पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

केशवकुंज का महत्व

केशवकुंज के इस नए भवन का उद्घाटन संघ के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। मोहन भागवत का कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए नया भवन चुनना भी अपने आप में एक बड़ी बात है। संघ का दिल्ली स्थित कार्यालय 17000 गज में फैला हुआ था और अब इसे अत्याधुनिक रूप में प्रस्तुत किया गया है। इस भवन को संघ के संस्थापक और पहले सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के नाम पर ‘केशव कुंज’ नामित किया गया था, जो अब एक विशाल और आधुनिक स्वरूप में सामने आया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें