Site icon Dainik Savera Times

New Toll Policy : देशभर से हटेंगे Toll प्लाजा, 15 दिनों के अंदर सरकार लाने जा रही नई पॉलिसी

नेशनल डेस्क : केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि आने वाले समय में पूरे देश से टोल प्लाज़ा हटाए जाएंगे। इसके लिए केंद्र सरकार नई टोल पॉलिसी लाने की तैयारी कर रही है। गडकरी ने बताया कि इस नीति की घोषणा अगले 15 दिनों के भीतर कर दी जाएगी। उन्होंने यह जानकारी मुंबई के दादर में सोमवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दी। आइए जानते है इस खबर के बारे में विस्तार से…

अब टोल को लेकर कोई शिकायत नहीं बचेगी…

आपको बता दें कि गडकरी ने कहा कि नई टोल नीति को इस तरह से तैयार किया गया है कि इसके लागू होने के बाद लोगों को टोल को लेकर किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। हालांकि उन्होंने अभी इस नीति की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की, लेकिन इतना जरूर कहा कि यह योजना जनता के हित में होगी और इससे ट्रैफिक व्यवस्था में भी सुधार आएगा। उन्होंने कहा, “अभी ज्यादा कुछ नहीं कह सकता, लेकिन 15 दिन में सब कुछ साफ हो जाएगा।”

मुंबई-गोवा हाईवे का काम जून 2025 तक पूरा

दरअसल, कार्यक्रम में गडकरी ने मुंबई-गोवा हाईवे को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस बहुप्रतीक्षित हाईवे का निर्माण कार्य जून 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा। गडकरी ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों, खासकर कोंकण क्षेत्र की ओर जाने वालों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें गड्ढों वाली पुरानी सड़कों पर नहीं चलना पड़ेगा।

हाईवे निर्माण में आई थीं कई बाधाएं

नितिन गडकरी ने यह भी माना कि मुंबई-गोवा हाईवे का काम कई चुनौतियों से घिरा रहा। उन्होंने बताया कि जमीन अधिग्रहण के दौरान कानूनी विवाद, भाइयों के बीच झगड़े, और मुआवज़े से जुड़े मसलों की वजह से इस प्रोजेक्ट में देरी हुई। कुछ हिस्सों में कोर्ट में मुकदमे भी चले। लेकिन अब सभी मुद्दे सुलझा लिए गए हैं, और हाईवे का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। उनका कहना था, “अब कोई चिंता की बात नहीं है, काम समय पर पूरा हो जाएगा।”

अमेरिका से बेहतर होगा भारत का सड़क…

गडकरी ने भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि आने वाले दो सालों में भारत का सड़क नेटवर्क अमेरिका से भी बेहतर हो जाएगा। उनका विश्वास है कि जिस तरह से देशभर में हाईवे और एक्सप्रेसवे का विस्तार हो रहा है, वह भारत को विश्वस्तरीय सड़कों वाला देश बना देगा। नितिन गडकरी की ये घोषणाएं देश के आम लोगों के लिए उम्मीद और राहत की खबर हैं। एक ओर जहां नई टोल नीति के तहत टोल प्लाज़ा हटाने की बात कही गई है, वहीं मुंबई-गोवा हाईवे जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के जल्द पूरा होने की भी घोषणा की गई है। यह दिखाता है कि सरकार ट्रांसपोर्ट सिस्टम को आधुनिक और सरल बनाने की दिशा में गंभीर है।

Exit mobile version