नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मणिपुर के टेंग्नौपाल जिले में 2024 में हुए एक हमले के सिलसिले में एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह हमला इंडिया रिजर्व बटालियन (IRB) की एक पुलिस पोस्ट पर किया गया था, जिसमें एक पुलिस जवान की मौत हो गई थी और दो अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए थे।
आरोपी कौन है?
गिरफ्तार किए गए व्यक्ति का नाम थांगमिनलर माटे उर्फ लेनिन माटे है। वह मणिपुर के टेंग्नौपाल जिले का रहने वाला है। उसे रविवार (18 मई 2025) को असम के सिलचर शहर से गिरफ्तार किया गया।
हमला कब और कहां हुआ था?
यह हमला 17 जनवरी 2024 को मोरेह इलाके में स्थित IRB की पोस्ट पर किया गया था। हमलावरों ने अचानक हमला करके एक पुलिसकर्मी की जान ले ली थी और दो अन्य को घायल कर दिया था। एनआईए के मुताबिक, अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि माटे किसी उग्रवादी संगठन से जुड़ा हुआ है या नहीं। मामले की जांच अभी जारी है।
आगे की कानूनी प्रक्रिया
सिलचर की अदालत ने माटे को ट्रांजिट रिमांड में भेजने की अनुमति दे दी है। अब एनआईए उसे गुवाहाटी की विशेष एनआईए अदालत में पेश करेगी। यह मामला आरसी-05/2024/एनआईए/आईएमपी के तहत दर्ज है और माटे इस केस में पहला गिरफ्तार आरोपी है।