इंटरनेशनल डेस्क: नाइजीरिया के नाइजर राज्य में एक बहुत ही दर्दनाक हादसा हुआ है। गैसोलीन (पेट्रोल) से भरे एक टैंकर के पलटने और उसमें विस्फोट होने से कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक, यह हादसा बिदा इलाके में हुआ, जब एक टैंकर पलट गया। उसके बाद उसमें से पेट्रोल फैलने लगा।
जैसे ही आसपास के लोग पेट्रोल इकट्ठा करने के लिए वहां पहुंचे, अचानक टैंकर में विस्फोट हो गया। इस हादसे में 17 लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस प्रवक्ता वसीउ आबिदीन ने कहा कि हादसे की जांच जारी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा कैसे हुआ, टैंकर का ड्राइवर और मालिक कौन हैं, और सुरक्षा नियमों की अनदेखी तो नहीं की गई।
नाइजर राज्य के गवर्नर उमरु बागो ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद निराशाजनक है कि लोग खतरे को नजरअंदाज कर पेट्रोल लेने पहुंच गए। उन्होंने इसे राज्य और जनता के लिए बहुत दुखद घटना बताया।
हाल के महीनों में नाइजर राज्य में इस तरह के हादसों में इजाफा हुआ है। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण बताया जा रहा है, खस्ताहाल सड़कें, रेल नेटवर्क की कमी और भारी ट्रकों का बढ़ता दबाव। नाइजर राज्य उत्तर और दक्षिण नाइजीरिया को जोड़ने वाला एक मुख्य ट्रांजिट रूट है, जिससे यहां माल ढुलाई ज्यादा होती है और हादसों की संभावना भी बढ़ जाती है।
इसी साल जून में कानो राज्य में एक सड़क हादसे में एक बस पुल से गिर गई थी। इस हादसे में 22 एथलीटों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। उस समय भी सड़कों की खराब हालत पर सवाल उठे थे, लेकिन सरकार की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए गए।
नाइजीरिया में सड़क सुरक्षा को लेकर हालात गंभीर हैं। बार-बार हो रहे हादसों के बावजूद न सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम उठाया है, न लोगों में जागरूकता है। पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थ से भरे टैंकर के पास जाना जानलेवा हो सकता है, लेकिन जानकारी की कमी और गरीबी लोगों को ऐसे खतरनाक कदम उठाने के लिए मजबूर कर रही है। सरकार को अब सड़कों की हालत सुधारने, सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने और जनता को जागरूक करने की सख्त ज़रूरत है, ताकि ऐसे हादसे दोबारा न हों।