Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

NMCH अस्पताल में हुई चौंकाने वाली घटना, चूहें ने कुतरे मरीज के पैर… तेजस्वी यादव ने शेयर किया Video

May 20, 2025

NMCH अस्पताल में हुई चौंकाने वाली घटना, चूहें ने कुतरे मरीज के पैर… तेजस्वी यादव ने शेयर किया Video

नेशनल डेस्क : बिहार की राजधानी पटना से एक हैरान कर देने वाली और दुखद खबर सामने आई है। यहां के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में भर्ती एक दिव्यांग मरीज के सोते समय चूहों ने उसके पैरों की उंगलियां कुतर दीं। वहीं अब राजद नेता और नेता प्रतिपक्ष ने इस घटना का वीडियो एक्स पर पोस्ट करते हुए वर्तमान सरकार को घेरा है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

NMCH अस्पताल में हुई लापरवाही 

आपको बता दें कि इस पूरे मामले पर मरीज का कहना है कि वह रात में जब सोया था, तब सब कुछ सामान्य था। लेकिन जब सुबह उठा तो देखा कि उसका पैर खून से सना हुआ है और उंगलियां कटी हुई थीं। इस घटना से अस्पताल प्रशासन और बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बता दें कि इससे पहले भी NMCH अस्पताल से ऐसी ही लापरवाही की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ समय पहले इसी अस्पताल में एक मृतक की आंख को भी चूहों ने कुतर दिया था, लेकिन अब तक उस मामले में भी कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई है।

तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला

इस घटना पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा “NMCH में भर्ती दिव्यांग मरीज की उंगलियां चूहों ने कुतर दीं। पहले भी मृतक की आंख कुतरी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।” तेजस्वी ने आरोप लगाया कि जब वह उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री थे, तब उन्होंने 17 महीनों में स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने का प्रयास किया था, लेकिन अब वर्तमान सरकार ने उसे फिर से बदहाल स्थिति में पहुंचा दिया है।

स्वास्थ्य मंत्री पर निजी टिप्पणी

इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे पर सीधा हमला करते हुए लिखा “RSS/BJP के CM उम्मीदवार बनकर घूम रहे मंगल पांडे ने पूरी व्यवस्था की दुर्गति कर दी है। जिस विभाग में सफाई और सुरक्षा का अभाव हो, वो क्या इलाज करेगा?” उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए आगे लिखा “बेहोश मुख्यमंत्री को कोई प्रेजेंटेशन दिखाकर बता देगा कि चूहों ने नहीं, बल्कि करोड़ों की अत्याधुनिक रोबोटिक मशीन ने उंगलियां काटी हैं, फिर CM कहेंगे  ‘2005 से पहले ई सब होता था जी?'”

परिजनों की आपबीती

मरीज के परिजन (तीमारदार) ने बताया कि रात के करीब 2 बजे मरीज को बुखार आया, दवा देने के बाद सभी सो गए। जब सुबह नींद खुली, तो मरीज के पैर से खून बह रहा था, और उंगलियां कटी हुई थीं। किसने काटा, यह किसी ने नहीं देखा लेकिन हालात को देखकर चूहों द्वारा काटे जाने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं की दुर्दशा को उजागर कर दिया है। जहां देशभर में मेडिकल सुविधाओं को डिजिटल और हाईटेक बनाने की बात हो रही है, वहीं राजधानी के सरकारी अस्पतालों में साफ-सफाई और सुरक्षा तक का घोर अभाव है। यह घटना यह सोचने पर मजबूर करती है कि जब अस्पतालों में मरीज सुरक्षित नहीं, तो बिहार की आम जनता का क्या हाल होगा?

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें