Site icon Dainik Savera Times

‘दुनिया के किसी भी नेता ने भारत को ऑपरेशन सिंदूर रोकने को नहीं कहा’, पीएम मोदी का राहुल गांधी को जवाब

नई दिल्ली: संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष के सवालों का जोरदार जवाब दिया और साफ कहा कि दुनिया के किसी भी नेता ने भारत को ऑपरेशन सिंदूर रोकने के लिए नहीं कहा। उन्होंने बताया कि 9 मई की रात को अमेरिका के उपराष्ट्रपति का फोन आया था। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान बड़ा हमला करने की योजना बना रहा है। इसके जवाब में पीएम मोदी ने उन्हें कहा, “अगर पाकिस्तान ऐसा कुछ करता है, तो उसे बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। हम बड़ा हमला करके जवाब देंगे। गोली का जवाब गोले से देंगे।”

पाकिस्तान घुटनों पर आया: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि 9 मई की रात और 10 मई की सुबह, भारत ने पाकिस्तान के कोनों-कोनों में सटीक मिसाइल हमले किए, जिससे पाकिस्तान की सैन्य ताकत को तहस-नहस कर दिया गया। उन्होंने बताया कि “हमारे हमले के बाद पाकिस्तान ने डीजीएमओ के जरिए फोन कर गुहार लगाई ‘बस करिए, अब और सहन नहीं कर सकते।’ भारत ने पहले ही कह दिया था कि हमारा लक्ष्य पूरा हो चुका है, लेकिन अगर पाकिस्तान कुछ और करेगा तो उसे और बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा।”

सेना का अपमान, पाकिस्तान के प्रचार को हवा?

पीएम मोदी ने विपक्ष पर परोक्ष हमला करते हुए कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं जो सेना के दिए गए तथ्यों पर भरोसा नहीं करते, बल्कि वे पाकिस्तान के फैलाए झूठे प्रचार को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने इस तरह की बयानबाज़ी को सीमा पार के “प्रोपेगेंडा” का हिस्सा बताया।

“ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज पाकिस्तान भी समझ गया है कि भारत का जवाब पहले से कहीं ज्यादा तेज और तगड़ा होता है। अगर भविष्य में पाकिस्तान ने कोई दुस्साहस किया, तो भारत उसे और भी कठोर जवाब देगा।” उन्होंने कहा कि आज का भारत आत्मनिर्भर और आत्मविश्वास से भरा है। देश तेज़ी से ‘मेड इन इंडिया’ रक्षा प्रणाली पर आगे बढ़ रहा है। लेकिन कांग्रेस अब भी पाकिस्तान पर अपने तर्कों और बयानों के लिए निर्भर हो रही है।

भारत अब किसी की नहीं सुनता

पीएम मोदी का सीधा संदेश देते हुए कहा, भारत अब किसी की नहीं सुनता, अपनी शर्तों पर काम करता है। ऑपरेशन सिंदूर देश की नई सैन्य नीति की मिसाल है। विपक्ष को सेना के अपमान और पाकिस्तानी नैरेटिव दोहराने से बचना चाहिए।

Exit mobile version