Site icon Dainik Savera Times

Earthquake: भूकंप के तेज झटकों से कांपा उत्तरी चिली… दहशत में लोग घरों से भागे, जानें कितनी रही तीव्रता

Earthquake in Pakistan Karachi

Earthquake: उत्तरी चिली में शनिवार को रिक्टर स्केल पर 6.4 तीव्रता वाला शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:15 बजे आए भूकंप के तेज झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया और वे घरों से बाहर निकल कर सड़कों पर आ गए। हालांकि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

भूकंप का केंद्र और गहराई

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र उत्तरी चिली के अटाकामा रेगिस्तान के तट के पास था, जिसकी गहराई धरती से करीब 76 किलोमीटर नीचे बताई गई है। भूकंप की तीव्रता को देखते हुए राहत की बात यह रही कि इससे सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया गया।

कुछ इमारतों को हुआ नुकसान

भूकंप के झटकों से इलाके के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। चिली की राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया सेवा (Senapred) के अनुसार, भूकंप के कारण लगभग 23,000 घरों में बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई है। कुछ इमारतों में दरारें भी देखी गई हैं, हालांकि क्षति “मामूली” बताई जा रही है।

सुनामी का कोई खतरा नहीं

चिली की हाइड्रोग्राफिक और ओशनोग्राफिक सेवा ने स्पष्ट किया है कि यह भूकंप सुनामी उत्पन्न करने लायक नहीं था। लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने और आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

‘रिंग ऑफ फायर’ में स्थित चिली

भौगोलिक दृष्टि से चिली ‘रिंग ऑफ फायर’ का हिस्सा है यह प्रशांत महासागर के चारों ओर फैले ज्वालामुखीय और भूकंपीय गतिविधियों से प्रभावित क्षेत्र है। यहां टेक्टोनिक प्लेटों की टकराहट के कारण अक्सर भूकंप आते रहते हैं।

चिली के भूकंप इतिहास की झलक

2010 में आया था 8.8 तीव्रता का भीषण भूकंप, जिसमें 526 लोगों की मौत हुई थी और भारी तबाही मची थी। वही 1960 में दर्ज हुआ था अब तक का सबसे शक्तिशाली भूकंप, जिसकी तीव्रता 9.5 मापी गई थी। इस विनाशकारी आपदा में 1,655 लोगों की जान चली गई थी और देश को गंभीर क्षति हुई थी।

Exit mobile version