Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

भाजपा जो करती है उसमें हिंदू कुछ नहीं है : राहुल गांधी

September 10, 2023

भाजपा जो करती है उसमें हिंदू कुछ नहीं है : राहुल गांधी

लंदनः कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पेरिस में छात्रों और शिक्षाविदों के साथ बातचीत के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ताधारी पार्टी किसी भी कीमत पर सत्ता हासिल करना चाहती है और उनके कार्यों में हिंदू (धर्म जैसा) कुछ भी नहीं है। फ्रांस के अग्रणी सामाजिक विज्ञान संस्थान, पेरिस के ‘साइंसेज पीओ यूनिवर्सिटी’ में शनिवार को बातचीत के दौरान गांधी (53) ने अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’, विपक्षी दलों के गठबंधन द्वारा भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को बचाने की लड़ाई, बदलती वैश्विक व्यवस्था और अन्य प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विपक्षी दल ‘‘भारत की आत्मा’’ के लिए लड़ने को लेकर प्रतिबद्ध है और देश मौजूदा ‘‘अशांति’’ से ‘‘सकुशल बाहर आ जाएगा।’’ बातचीत के दौरान देश में ‘‘हिंदू राष्ट्रवाद’’ के उभार के बारे में एक सवाल पर गांधी ने कहा, ‘‘मैंने गीता पढ़ी है, कई उपनिषद पढ़े हैं, मैंने कई हिंदू (धर्म से जुड़ी) किताबें पढ़ी हैं; भाजपा जो करती है उसमें हिंदू (धर्म जैसा) कुछ भी नहीं है, बिल्कुल भी नहीं।’’ इस बाचतीत का एक वीडियो रविवार को जारी किया गया।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘मैंने हिंदू धर्म से जुड़ी किसी किताब में नहीं पढ़ा और ना ही किसी विद्वान हिंदू व्यक्ति से यह सुना कि आपको अपने से कमजोर लोगों को आतंकित करना चाहिए, उन्हें नुकसान पहुंचाना चाहिए। तो, ये विचार, ये शब्द, हिंदू राष्ट्रवाद, ये गलत शब्द है।’’ गांधी ने कहा, ‘‘वे हिंदू राष्ट्रवादी नहीं हैं। उनका हिंदू धर्म से कोई लेना-देना नहीं है। वे किसी भी कीमत पर सत्ता हासिल करना चाहते हैं और वे सत्ता पाने के लिए कुछ भी करेंगे…वे कुछ लोगों का प्रभुत्व चाहते हैं…उनमें हिंदू (धर्म जैसा) कुछ भी नहीं है।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें