Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Pahalgam हमले के पीड़ितों की मदद के लिए आगे आया NSE, इतने करोड़ रुपए देने का किया ऐलान

April 25, 2025

Pahalgam हमले के पीड़ितों की मदद के लिए आगे आया NSE, इतने करोड़ रुपए देने का किया ऐलान

मुंबई : नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के पीड़ितों के परिजनों को एक करोड़ रुपए देने का वादा किया है। एनएसई के प्रबंध निदेशक और सीईओ आशीष चौहान ने कहा कि वे इस कठिन समय में पीड़ितों के परिवारों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, ‘हम 22 अप्रैल, 2025 को कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले से बहुत दुखी हैं, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई। इस मुश्किल समय में पीड़ितों के परिवारों के साथ एकजुटता दिखाते हुए, एनएसई ने पीड़ितों के परिजनों को 1 करोड़ रुपए देने का संकल्प लिया है।’ इससे पहले, भारतीय जीवन बीमा निगम ने घोषणा की थी कि वह आतंकवादी हमले के पीड़ितों की सहायता के लिए तैयार है और वित्तीय राहत प्रदान करने के लिए दावों के निपटान में तेजी लाएगी।

निर्दोष नागरिकों की मौत पर गहरा दुख

एलआईसी ने एक स्टेटमेंट में कहा, ‘भारतीय जीवन बीमा निगम 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में निर्दोष नागरिकों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करता है।’ एलआईसी के बयान में कहा गया है कि मृत्यु प्रमाण पत्र के बदले, आतंकवादी हमले के कारण पॉलिसीधारक की मृत्यु के सरकारी रिकॉर्ड में मौजूद कोई भी सबूत मृत्यु के सबूत के रूप में स्वीकार किया जाएगा। इसके अलावा, केंद्र या राज्य सरकारों द्वारा भुगतान किया गया कोई भी मुआवजा मृत्यु का सबूत माना जाएगा। एलआईसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ मोहंती ने कहा, ‘दावेदारों तक पहुंचने और प्रभावित परिवारों के दावों का शीघ्र निपटान सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे।’

साजिश रचने वालों को बड़ी सजा मिलेगी

इससे पहले गुरुवार को पीएम मोदी ने बिहार के मधुबनी में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कि देश के दुश्मनों ने भारत की आस्था पर हमला करने का दुस्साहस किया है। मैं बहुत स्पष्ट शब्दों में कहना चाहता हूं कि जिन्होंने यह हमला किया है, उन आतंकियों को और इस हमले की साजिश रचने वालों को उनकी कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी। उन्होंने मंच से ऐलान किया था, ’आज बिहार की धरती से मैं पूरी दुनिया से कहता हूं, भारत हर आतंकवादी और उसके सरगना की पहचान करेगा, उसे खोजेगा और उसे सजा देगा। हम उन्हें धरती के कोने-कोने तक खदेड़ेंगे।’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें