Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

ओडिशा दरिंदगी की हदें पार! 15 साल की लड़की को दरिंदों ने पेट्रोल छिड़कर लगाई आग, हालात गंभीर

July 19, 2025

ओडिशा दरिंदगी की हदें पार! 15 साल की लड़की को दरिंदों ने पेट्रोल छिड़कर लगाई आग, हालात गंभीर

भुवनेश्वर। ओडिशा के पुरी जिले से एक बेहद शर्मनाक खबर सामने आई है। जहां, अज्ञात लोगों ने 15 वर्षीय एक लड़की को आग लगा दी। इस मामले संबंधी अधिकारियों ने बताया कि लड़की को गंभीर हालत में एम्स-भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया है। लड़की 70 प्रतिशत तक झुलस चुकी है और बोल नहीं पा रही है।

दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश
उपमुख्यमंत्री और महिला एवं बाल विकास मंत्री प्रभाती परीडा ने कहा कि सरकार लड़की के इलाज का खर्च वहन करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस को दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं। यह घटना 12 जुलाई को बालासोर के एफएम कॉलेज की 20 वर्षीय छात्रा द्वारा यौन उत्पीड़न के कारण आत्मदाह किए जाने की घटना के कुछ ही समय बाद हुई है। छात्रा की 14 जुलाई को मौत हो गई थी।

नवीन पटनायक ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया
बीजू जनता दल (बीजद) के प्रमुख और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि ऐसे मामले शासन की व्यवस्थागत विफलता की ओर इशारा करते हैं। घटना बलंगा थाना क्षेत्र के बयाबर गांव में सुबह करीब नौ बजे हुई, जब लड़की अपनी सहेली के घर जा रही थी।

भार्गवी नदी के किनारे ले जाकर दरिंदों ने वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवकों ने लड़की को रोका, उसे जबरन भार्गवी नदी के किनारे ले गए और शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी। घटनास्थल नुआगोपालपुर बस्ती में स्थित उसके घर से लगभग 1.5 किलोमीटर जबकि बलंगा थाने से लगभग 5-7 किलोमीटर दूर है।

भुवनेश्वर एम्स में चल रहा है इलाज
पुलिस ने बताया कि लड़की को आग लगाने के बाद बदमाश फरार हो गए। इसके बाद स्थानीय लोग आग बुझाकर उसे पिपिली सरकारी अस्पताल ले गए, जहां से उसे एम्स भुवनेश्वर भेज दिया गया। अधिकारी ने बताया कि लड़की के माता-पिता ने बलंगा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि लड़की आठवीं कक्षा की छात्रा है और उसके पिता गाड़ियों की मरम्मत का काम करते हैं।

एम्स ने लड़की के समुचित इलाज के लिए चिकित्सकों की 14 सदस्यीय टीम का गठन किया है जिसमें मेडिसिन, पल्मोनरी मेडिसिन, एनेस्थीसिया, गायनोकोलॉजी, फॉरेंसिक मेडिसिन, नेफ्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी और अन्य विभागों के चिकित्सक शामिल हैं। ओडिशा के पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया ने कहा कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें