
नेशनल डेस्क: लोकसभा में सोमवार को जैसे ही प्रश्नकाल शुरू हुआ, विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नाराजगी जताई और सीधे विपक्ष के नेता राहुल गांधी से कहा कि वे अपने सांसदों को समझाएं कि वे तख्तियां और पर्चियां लहराने नहीं, बल्कि देश के मुद्दों पर बहस करने संसद में आए हैं।
विपक्षी दलों, खासकर कांग्रेस के सांसद, बिहार में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर “SIR वापस लो” के नारे लगा रहे थे। बिरला ने कहा, “देश यह जानना चाहता है कि प्रश्नकाल को योजनाबद्ध तरीके से क्यों बाधित किया जा रहा है?”
ओम बिरला ने विपक्ष पर सवाल उठाते हुए कहा, “क्या आप ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा नहीं करना चाहते? पहले आप ही लोग इसकी मांग कर रहे थे, अब जब सरकार चर्चा को तैयार है तो आप सदन नहीं चलने दे रहे।” बिरला ने लोकसभा में राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए कहा, “माननीय नेता प्रतिपक्ष, आप अपने नेताओं को समझाइए कि उन्हें तख्तियां लहराने और पर्चियां फेंकने के लिए नहीं भेजा गया है।”
Before adjourning Lok Sabha till 12 noon in Question Hour, Speaker Om Birla had said that Opposition members were deliberately disturbing the proceedings of the House. He asked the Leader of the Opposition (Rahul Gandhi) to tell members of his party not to display posters. He… pic.twitter.com/UQUhkWrtn4
— ANI (@ANI) July 28, 2025
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, “सदन में जानबूझकर बाधा डाली जा रही है। प्रश्न पूछने वाले सांसदों को बोलने नहीं दिया जा रहा है। यह तरीका सही नहीं है। यह सदन देश की 140 करोड़ जनता की आवाज है, इसकी गरिमा बनाए रखनी चाहिए।”
विपक्ष लगातार बिहार में चुनाव आयोग द्वारा की जा रही SIR प्रक्रिया पर नाराजगी जताता आ रहा है। साथ ही, पहलगाम आतंकी हमलेके जवाब में भारत द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के लिए सरकार ने सदन में विशेष समय निर्धारित किया है, लेकिन विपक्ष की लगातार नारेबाजी से सदन की कार्यवाही बाधित हो रही है।