नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर में दो बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स – चिनाब ब्रिज और अंजी ब्रिज का उद्घाटन किया। इस खास मौके पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि ये वो काम है, जिसे अंग्रेजों के दौर में भी नहीं किया जा सका, लेकिन मोदी सरकार ने उसे पूरा कर दिखाया है।
अंग्रेज नहीं कर पाए, मोदी सरकार ने कर दिखाया: उमर अब्दुल्ला
कटरा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा, “इस रेल सेवा का सपना बहुत पुराने समय से था। जो काम अंग्रेज नहीं कर पाए, उसे आपने पूरा किया और कश्मीर घाटी अब देश के बाकी हिस्सों से जुड़ गई है। मैं उस समय 8वीं कक्षा में था जब इस प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई थी और अब मैं 55 साल का हूं, तब जाकर यह सपना पूरा हुआ है। यह बहुत ही ऐतिहासिक पल है।” उमर ने कहा कि यह परियोजना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में शुरू हुई थी। उन्होंने इसे ‘राष्ट्रीय महत्व की परियोजना’ घोषित किया और इसका बजट बढ़ाया, तभी जाकर यह संभव हो सका।
#WATCH | Katra, J&K | CM Omar Abdullah says, “Many people dreamt of this train service… What the British could not do, you got it completed, and Kashmir valley has now been connected with the rest of the country. On this occasion, it would be a mistake if I did not mention and… pic.twitter.com/f9imOp4kQ5
— ANI (@ANI) June 6, 2025
पीएम मोदी के साथ खड़ा रहा हूं: उमर अब्दुल्ला
सीएम उमर अब्दुल्ला ने याद करते हुए कहा कि उन्हें जम्मू-कश्मीर में हर बड़ी रेलवे परियोजना के उद्घाटन में पीएम के साथ रहने का मौका मिला है, जैसे, अनंतनाग रेलवे स्टेशन, बनिहाल रेलवे सुरंग, कटरा रेलवे स्टेशन और अब चिनाब और अंजी ब्रिज। उन्होंने यह भी कहा कि पहले मनोज सिन्हा रेल राज्य मंत्री थे और अब जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल हैं, जबकि उन्हें राज्य का मुख्यमंत्री से केंद्र शासित प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने का अनुभव मिला। इसके बावजूद उन्हें विश्वास है कि एक दिन फिर से जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा मिलेगा।
हम विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहे: CM उमर अब्दुल्ला
उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर में कई बड़ी परियोजनाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं, जैसे, जम्मू और श्रीनगर की रिंग रोड्स, दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे, जम्मू-श्रीनगर फोर लेन हाइवे और एयरपोर्ट्स का विस्तार और रेलवे नेटवर्क का विस्तार। उमर अब्दुल्ला ने अंत में कहा, “हम विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं, और इसके लिए हमें एक विकसित जम्मू-कश्मीर की जरूरत है। मैं जम्मू-कश्मीर की जनता की तरफ से प्रधानमंत्री को दिल से धन्यवाद देता हूं।”

