Site icon Dainik Savera Times

पीएम आवास पर CCS की बैठक खत्म, पहलगाम हमले को लेकर ढ़ाई घंटे तक हुआ मंथन

नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर प्रधानमंत्री आवास में चल रही सुरक्षा संबंधी कैबिनेट समिति (सीसीएस) की बैठक खत्म हो गई है। पीएम मोदी ने पहलगाम में आतंकवादी हमले में 28 लोगों की मौत के एक दिन बाद बुधवार को स्थिति का जायजा लेने और सरकार की रणनीति पर विचार-विमर्श करने के लिए मीटिंग बुलाई थी। यह बैठक लगभग ढ़ाई घंटे तक चली। बैठक में पीएम मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित से पूरे मामले पर जानकारी ली।

जानिए बैठक में कौन हुए शामिल?
बैठक में प्रधानमंत्री के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल और वरिष्ठ नौकरशाह मौजूद थे। शाह ने प्रधानमंत्री को हमले के बारे में जानकारी दी तथा इस घटना के बाद उठाए गए कदमों पर चर्चा की। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी सीसीएस का हिस्सा हैं लेकिन वह बैठक में शामिल नहीं हो सकीं, क्योंकि वह देश में नहीं है।

सीतारमण आतंकवादी हमले के मद्देनजर अपनी आधिकारिक यात्र को बीच में ही छोड़कर अमेरिका से वापस आ रही हैं। बैठक में कैबिनेट सचिव टी वी सोमनाथन, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, विदेश सचिव विक्रम मिस्री के अलावा प्रधानमंत्री के दो प्रधान सचिव पी के मिश्र और शक्तिकांत दास भी उपस्थित थे।

सऊदी अरब से वापस आए पीएम मोदी 
प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को सऊदी अरब से सुबह-सुबह वापस आ गए। प्रधानमंत्री ने अपने आगमन के तुरंत बाद हवाई अड्डे पर एक बैठक की, जिसमें उन्होंने जयशंकर और डोभाल के साथ जम्मू-कश्मीर आतंकी हमले पर चर्चा की। विदेश सचिव विक्रम मिस्री भी बैठक में मौजूद थे। इससे पहले, शाह ने पहलगाम के बैसरन का दौरा किया, जहां आतंकवादियों ने हमला किया था। साथ ही उन्होंने उस अस्पताल का भी दौरा किया जहां कुछ घायलों को भर्ती कराया गया।

1450 लोगों को हिरासत में लिया गया
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा कदम उठाया है। इस हमले के बाद सुरक्षाबलों ने दक्षिण कश्मीर में 250 से ज्यादा ओवर ग्राउंड वर्कर्स (OGW) को पकड़ा है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दूसरी सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर एक बड़ा जांच अभियान के तहत पूरे कश्मीर में करीब 1200 अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है, जो किसी न किसी तरह से आतंकी गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। अब तक कुल 1450 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

गुनहगारों को मिलेगा करारा जवाब
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के एक दिन बाद बुधवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बड़ा बयान दिया। रक्षा मंत्री ने कहा, ‘कल पहलगाम में धर्म को निशाना बनाते हुए आतंकियों के कायरतापूर्ण हमले में हमारे देश ने अनेक निर्दोष नागरिकों को खोया है। भारत एक इतनी पुरानी सभ्यता और इतना बड़ा देश है, जिसे ऐसी किसी भी आतंकी गतिविधियों से डराया नहीं जा सकता। ऐसी हरकतों का जवाब, इसके जिम्मेदार लोगों को आने वाले कुछ ही समय में जोरदार तरीके से मिलेगा। भारत का एक-एक नागरिक, इस कायरतापूर्ण हरकत के खिलाफ एकजुट है।”

Exit mobile version