Site icon Dainik Savera Times

ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान की एक और नाकामी उजागर, डल झील में मिली फुस्स हुई ‘फतह-1’ मिसाइल

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर की खूबसूरत डल झील में रविवार (21 सितंबर) को सफाई के दौरान एक मिसाइल का खोल मिला। जांच में पता चला कि यह पाकिस्तान की ओर से दागा गया ‘फतह-1’ रॉकेट था, जो इस साल मई में भारत पर किए गए हमले में इस्तेमाल किया गया था।

यह रॉकेट 10 मई 2025 को पाकिस्तान ने श्रीनगर के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर दागा था, लेकिन यह अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाया और डल झील में जा गिरा। उस समय झील के पास रहने वाले लोगों ने पानी में धुआं उठते देखा और धमाके जैसी आवाज भी सुनी थी, लेकिन कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

क्या है ऑपरेशन सिंदूर?

ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना की ओर से किया गया एक सीमित लेकिन सटीक जवाबी हमला था। इसकी शुरुआत तब हुई जब अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष भारतीयों पर आतंकी हमला हुआ। भारत ने इसका जवाब संयमित तरीके से दिया और पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर निशाना साधा। इस दौरान भारत ने युद्ध नहीं बढ़ाया, लेकिन साफ संदेश दिया कि वह आतंक के खिलाफ चुप नहीं बैठेगा।

पाकिस्तान की नाकाम कोशिश

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान ने 10 मई को जवाबी हमला करने की कोशिश की। उसने ‘फतह-1’ नाम की बैलिस्टिक मिसाइल दागी, जो 70 से 100 किलोमीटर तक मार करने में सक्षम है।लेकिन यह रॉकेट भारतीय सैन्य ठिकानों तक पहुंचने में फेल हो गया और डल झील में गिर गया। अब सफाई के दौरान इसका बचा हुआ हिस्सा (खोल) बरामद हुआ है। इसे स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया है और जांच जारी है।

Exit mobile version