Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘ऑपरेशन सिंदूर के बाद देश में वोकल फॉर लोकल की नई लहर’, मन की बात में बोले पीएम मोदी

May 25, 2025

‘ऑपरेशन सिंदूर के बाद देश में वोकल फॉर लोकल की नई लहर’, मन की बात में बोले पीएम मोदी

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात के 122वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के बारे में बात की और कहा कि हमारी सेना ने इस ऑपरेशन सिंदूर में जो बहादुरी दिखाई है, उससे हर भारतीय को गर्व महसूस हुआ है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद के खिलाफ देश में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास भर दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद देश में देश में वोकल फॉर लोकल की नई लहर है।

देश में वोकल फॉर लोकल की लहर
पीएम मोदी ने बताया कि इस ऑपरेशन के बाद देश में ‘वोकल फॉर लोकल’ यानी स्थानीय सामान और उत्पादों को बढ़ावा देने की भावना भी मजबूत हुई है। एक अभिभावक ने कहा कि अब वे अपने बच्चों को सिर्फ भारत में बने खिलौने खरीदकर देंगे ताकि देशभक्ति बचपन से ही शुरू हो। कुछ परिवारों ने देश के खूबसूरत स्थानों पर छुट्टियां बिताने का संकल्प लिया है, तो कई युवाओं ने ‘वेड इन इंडिया’ यानी भारत में शादी करने का फैसला किया है। उपहार भी अब भारतीय कारीगरों के बनाए हुए ही दिए जाएंगे।

आतंकवाद को खत्म हमारा मकसद
पीएम मोदी ने कहा कि पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और हर भारतीय का संकल्प है कि आतंकवाद को खत्म किया जाए। उन्होंने कहा कि सेना ने सीमा पार आतंकवादी ठिकानों को बहुत सटीकता से नष्ट किया, जो असाधारण है। यह ऑपरेशन सिर्फ एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि देश के साहस और दृढ़ संकल्प की पहचान है।

कई परिवारों ने बच्चों का नाम सिंदूर रखा 
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर का असर इतना गहरा हुआ है कि कई परिवारों ने इस ऑपरेशन के नाम पर अपने बच्चों का नाम ‘सिंदूर’ रखा है। यह देश के अलग-अलग हिस्सों जैसे बिहार के कटिहार और उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में भी देखने को मिला।

तिरंगा यात्रा का जिक्र किया 
प्रधानमंत्री ने देश के कई शहरों, गांवों और छोटे शहरों में तिरंगा यात्राओं का जिक्र किया, जहां हजारों लोग तिरंगा लेकर देश की सेना को सम्मान दे रहे थे। कई युवाओं ने नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक बनने का मन बनाया है। चंडीगढ़ से वायरल हुए वीडियो को भी उन्होंने खास तौर पर याद किया।

गढ़चिरौली जिले का भी जिक्र कर कही ये बात 
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने माओवादी हिंसा से प्रभावित महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के कटेझारी गांव की भी बात की। यह गांव पहले माओवादी हिंसा की वजह से बहुत पिछड़ा हुआ था और यहां कभी बस नहीं पहुंची थी। लेकिन अब पहली बार बस पहुंची है और गांव वालों ने इसका बहुत खुशी-खुशी स्वागत किया। यह सफलता माओवाद के खिलाफ सामूहिक लड़ाई का परिणाम है जिससे अब ऐसे इलाकों में बुनियादी सुविधाएं भी मिलने लगी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह बदलाव भारत की ताकत और विकास का उदाहरण है और देश को आगे बढ़ाने का रास्ता भी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें