Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘अपना नमस्ते भी अब मल्टीनेशनल हो गया’, न्यूयॉर्क में प्रवासी भारतीयों से बोले PM Modi

September 22, 2024

‘अपना नमस्ते भी अब मल्टीनेशनल हो गया’, न्यूयॉर्क में प्रवासी भारतीयों से बोले PM Modi

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय अमेरिकी दौरे पर हैं। पीएम मोदी ने रविवार को अपने दौरे के दूसरे दिन न्यूयॉर्क में भारतीय प्रवासियों को संबोधित किया। इससे पहले, उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ एक बैठक की और क्वाड समिट में भी हिस्सा लिया। पीएम मोदी ने भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अपना नमस्ते भी अब मल्टीनेशनल हो गया, लोकल से ग्लोबल हो गया और यह सब आपने किया। अपने दिल में भारत को बसाकर रखने वाले हर भारतीय ने ये किया है। यहां आप दूर-दूर से आए हैं, आपका यह प्यार मिलना मेरे लिए बहुत बड़ा सौभाग्य है।

पीएम मोदी ने कहा कि मुझे वह दिन याद आते हैं, जब मैं न तो प्रधानमंत्री था, न मुख्यमंत्री था, न नेता था। उस वक्त मैं एक जिज्ञासु के तौर पर आपके बीच आता था। जब मैं किसी पद पर नहीं था। उससे पहले भी मैं अमेरिका के करीब-करीब 29 राज्यों का दौरा कर चुका था। उसके बाद जब मैं सीएम बना तो टेक्नोलॉजी के माध्यम से आपके साथ जुड़ने का सिलसिला जारी रहा। पीएम रहते हुए मैंने आपसे अपार स्नेह पाया है, अपनत्व पाया है।

उन्होंने कहा कि विविधता को समझना और उसे अपने जीवन में उतारना हमारे संस्कारों में है। हम सब उस देश के रहने वाले हैं, जहां सैकड़ों भाषाएं हैं, सैकड़ों बोलियां हैं, दुनिया के सभी मत हैं, पंथ हैं। हम एक बनकर, नेक बनकर आगे बढ़ रहे हैं। भाषाएं अनेक हैं, लेकिन भाव एक है। वो भाव भारतीयता है। दुनिया के साथ जुड़ने के लिए ये हमारी सबसे बड़ी ताकत है। यही मूल्य हमें सहज रूप से विश्व बंधु बनाती है। हमारे बीच त्याग की भावना है। मैं हमेशा से आपके सामर्थ्य को, भारतीय डायस्पोरा के सामर्थ्य को समझता रहा हूं। आप मेरे लिए हमेशा से भारत के सबसे मजबूत ब्रांड एंबेसडर रहे हैं। इसलिए मैं आप सबको राष्ट्रदूत कहता हूं।

उन्होंने कहा कि हम जिस समाज में रहते हैं, वहां ज्यादा से ज्यादा योगदान करते हैं। यहां अमेरिका में आपने डॉक्टर, शोधकर्ताओं, टेक पेशेवर, वैज्ञानिक या दूसरे पेशेवर के रूप में जो परचम लहराया है, वो इसी का प्रतीक है। आपने भारत को अमेरिका से और अमेरिका को भारत से जोड़ा है। आपका कौशल, प्रतिभा और प्रतिबद्धता बेजोड़ है। विदेश में रहते हुए भी कोई महासागर आपको भारत से अलग नहीं कर सकता।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि अभी कुछ समय पहले ही तो यहां टी-20 वर्ल्ड कप हुआ था और अमेरिका की टीम क्या गजब खेली। उस टीम में यहां रह रहे भारतीयों का जो योगदान था, वो भी दुनिया ने देखा है। एआई का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया के लिए एआई का मतलब है- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस। लेकिन मैं मानता हूं, एआई का मतलब है- अमेरिका और इंडिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें