नई दिल्ली: विदेश मंत्रालय (MEA) ने भारत-रूस संबंधों और अमेरिका की हालिया टिप्पणियों को लेकर गुरुवार को साफ-साफ बयान दिया। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई अहम मुद्दों पर भारत की स्थिति स्पष्ट की, जिनमें अमेरिका द्वारा भारतीय कंपनियों पर लगाए गए प्रतिबंध, रूस से तेल खरीद, भारत-अमेरिका संबंध, निमिषा प्रिया केस आदि शामिल रहे।
भारत-रूस रिश्तों पर ट्रंप की नाराजगी पर MEA ने क्या कहा?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान पर कि “एक दिन भारत पाकिस्तान से तेल खरीद सकता है”, पर विदेश मंत्रालय ने कोई सीधी टिप्पणी नहीं दी। हालांकि, रणधीर जायसवाल ने दो टूक कहा कि “भारत किसी भी देश के साथ अपने रिश्ते उसकी योग्यता के आधार पर बनाता है। हमारे रिश्ते किसी तीसरे देश के नजरिए से तय नहीं होते।” उन्होंने आगे कहा कि भारत और रूस के बीच लंबे समय से स्थिर और भरोसेमंद साझेदारी रही है, जो समय की कसौटी पर खरी उतरी है।
#WATCH | Delhi | MEA spokesperson Randhir Jaiswal says, “Our ties with any country stand on their merit and should not be seen from the prism of a third country. As far as India-Russia relations are concerned, we have a steady and time-tested partnership.” pic.twitter.com/FBN67Lnk46
— ANI (@ANI) August 1, 2025
ईरान से व्यापार पर अमेरिका के प्रतिबंधों पर क्या बोला भारत?
अमेरिका ने कुछ भारतीय कंपनियों पर ईरान के साथ व्यापार करने के कारण प्रतिबंध लगाए हैं। इस पर MEA प्रवक्ता ने कहा, “हमने इन प्रतिबंधों को नोट किया है और इस पर गौर कर रहे हैं।”
भारत-अमेरिका के रिश्तों को लेकर भारत की राय
रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच एक मजबूत रणनीतिक साझेदारी है। यह साझेदारी साझा हितों, लोकतांत्रिक मूल्यों और लोगों के बीच गहरे संबंधों पर आधारित है। उन्होंने कहा, “यह रिश्ता समय के साथ और मजबूत हुआ है और हम विश्वास रखते हैं कि आगे भी यह प्रगति करेगा।”
क्या भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद किया?
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि भारतीय कंपनियों ने रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया है। इस पर MEA ने कहा, “हम अपनी ऊर्जा जरूरतों को ध्यान में रखकर ही फैसले लेते हैं। बाजार की स्थिति और विकल्पों को देखकर निर्णय होता है। इस संबंध में कोई विशेष जानकारी नहीं है।”
#WATCH | Delhi | On the case of Nimisha Priya, an Indian national facing the death penalty in a murder case in Yemen, MEA spokesperson Randhir Jaiswal says, “This is a sensitive matter. The Government of India has been extending all possible assistance in the case. As a result of… pic.twitter.com/wgIPc5hB0m
— ANI (@ANI) August 1, 2025
निमिषा प्रिया केस पर विदेश मंत्रालय का जवाब
भारतीय नर्स निमिषा प्रिया, जो यमन में एक हत्या के मामले में मौत की सजा का सामना कर रही हैं, उनके मामले में विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह एक संवेदनशील मामला है। सरकार हरसंभव मदद कर रही है और सजा पर फिलहाल रोक लगी हुई है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्टों में जो बातें कही जा रही हैं, वे गलत और भ्रामक हैं। उन्होंने अपील की कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल मंत्रालय के आधिकारिक बयान पर भरोसा करें।

