नेशनल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के दौरे पर ब्रिटेन पहुंचे, जहां उन्होंने ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई और एक ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौता (FTA) पर हस्ताक्षर किए गए। पीएम मोदी ने कहा कि ये दिन भारत और यूके के रिश्तों में ऐतिहासिक है। कई सालों की मेहनत के बाद आखिरकार व्यापारिक समझौता हो गया। इस समझौते से दोनों देशों को आर्थिक फायदा होगा?
भारत के लिए क्या फायदे हैं?
-भारतीय वस्तुओं को ब्रिटेन के बाजार में और ज्यादा जगह मिलेगी।
-खासकर टेक्सटाइल (कपड़ा), जूते-चप्पल, गहने, समुद्री खाद्य सामग्री और इंजीनियरिंग से जुड़ी चीजों को फायदा होगा।
-किसानों, मछुआरों, छोटे उद्योगों (MSME सेक्टर) और युवाओं को नए अवसर मिलेंगे।
-यूके में बने उत्पाद जैसे मेडिकल डिवाइसेज और एयरोस्पेस पार्ट्स अब सस्ते और आसानी से मिल सकेंगे।
‘विजन 2035’ से रिश्तों को मिलेगी नई दिशा
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि भारत और यूके की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए ‘विजन 2035’ नाम की योजना शुरू की जा रही है। इसके तहत पांच क्षेत्रों में काम किया जाएगा। जैसे टेक्नोलॉजी, डिफेंस (रक्षा क्षेत्र), क्लाइमेट (जलवायु परिवर्तन), एजुकेशन व पीपल-टू-पीपल कनेक्शन (जनता से जनता का रिश्ता) शामिल है।
आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख
पीएम मोदी ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए ब्रिटेन की तरफ से की गई निंदा के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा आतंकवाद को लेकर दोहरी नीति नहीं होनी चाहिए। जो लोग लोकतंत्र की आज़ादी का गलत इस्तेमाल करके आतंकवाद को बढ़ावा देते हैं, उन्हें जवाबदेह ठहराना जरूरी है।
रूस-यूक्रेन युद्ध और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में…
पीएम मोदी ने रूस-यूक्रेन युद्ध और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति की जरूरत पर बात की। उन्होंने कहा हम सभी देशों की संप्रभुता (sovereignty) और सीमा की अखंडता (territorial integrity) का सम्मान करते हैं। आज के समय में विकासवाद (development) जरूरी है, विस्तारवाद (expansionism) नहीं।
अहमदाबाद प्लेन हादसे पर जताई संवेदना
पीएम मोदी ने पिछले महीने अहमदाबाद में हुए प्लेन हादसे पर शोक जताया, जिसमें कुछ ब्रिटिश नागरिकों की भी जान गई थी। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
पीएम मोदी ने ब्रिटेन में बसे भारतीयों को लेकर कही ये बात
मोदी ने कहा कि ब्रिटेन में रहने वाले भारतीय मूल के लोग दोनों देशों के बीच रिश्तों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा ये लोग सिर्फ भारत से खाने की चीजें नहीं, बल्कि प्रतिभा, प्रतिबद्धता और संस्कार भी लेकर आए हैं। इनका योगदान सिर्फ आर्थिक क्षेत्र में नहीं, बल्कि संस्कृति, खेल और समाज सेवा में भी दिखाई देता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण के अंत में क्रिकेट का भी जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने कहा भारत और ब्रिटेन के बीच जब संबंधों की बात हो और टेस्ट सीरीज चल रही हो, तो क्रिकेट की बात जरूरी हो जाती है। दोनों देशों के लिए क्रिकेट एक जुनून है और हमारी साझेदारी का प्रतीक भी। उन्होंने कहा कि हम कभी-कभी स्विंग मिस कर सकते हैं, लेकिन खेल ईमानदारी से खेलेंगे और लंबी साझेदारी बनाएंगे।
नए युग की शुरुआत
इस दौरे में भारत और ब्रिटेन ने सिर्फ व्यापार ही नहीं, बल्कि आपसी भरोसे और सहयोग की एक मजबूत नींव रखी है। FTA और विजन 2035 दोनों देशों के लिए आगे बढ़ने का एक नया रास्ता खोलेंगे।

