Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Pahalgam Attack: पीएम मोदी सऊदी अरब से बोले, आतंकियों का एजेंडा सफल नहीं होगा

April 22, 2025

Pahalgam Attack: पीएम मोदी सऊदी अरब से बोले, आतंकियों का एजेंडा सफल नहीं होगा

नई दिल्ली। सऊदी अरब के दौरे के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर दुख जताया। पीएम मोदी ने कहा कि इस हमले में जो भी शामिल है, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आतंकियों का नापाक मकसद कभी सफल नहीं होगा। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ’मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग शीघ्र स्वस्थ हो जाएं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। ’उन्होंने आगे कहा, ’इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उनका आतंकी एजेंडा कभी सफल नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है और यह और भी मजबूत होगा।’

इससे पहले पीएम मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की। भारत सरकार के सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी ने उनसे सख्त कार्रवाई और घटनास्थल का दौरा करने को भी कहा।

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ’जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिवार के सदस्यों के साथ हैं। इस जघन्य आतंकी हमले में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और हम दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करेंगे तथा उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घटना के बारे में जानकारी दी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। सभी एजेंसियों के साथ तत्काल सुरक्षा समीक्षा बैठक करने के लिए शीघ्र ही श्रीनगर के लिए रवाना होऊंगा।’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस हमले की निंदा करते हुए एक्स पर लिखा, ‘जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले की खबर से बहुत दुखी हूं। निदरेष नागरिकों पर यह हमला कायरतापूर्ण और अत्यंत निंदनीय है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं निदरेष पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।‘

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें