
नेशनल डेस्क : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारतीय सुरक्षा बल अब तेजी से हमले में शामिल आतंकियों की तलाश में जुट गए हैं। इस सिलसिले में सुरक्षा एजेंसियों ने तीन आतंकियों के पोस्टर जारी किए हैं, जिन पर 20 लाख रुपये का इनाम रखा गया है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
कई जिलों में लगाए गए पोस्टर
आपको बता दें कि ये पोस्टर जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए हैं ताकि स्थानीय नागरिक इन्हें पहचानने में मदद कर सकें। माना जा रहा है कि ये आतंकी सीधे पाकिस्तान से भारतीय सीमा में दाखिल हुए थे और उन्होंने पहलगाम में 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या कर दी।
सुरक्षा बलों ने नागरिकों से मांगी मदद
भारतीय सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। इस दौरान स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है और संभावित संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली जा रही है। सेना ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अगर कोई व्यक्ति इन आतंकियों के बारे में जानकारी देता है, तो उसकी पहचान गुप्त रखी जाएगी और उसे इनाम की राशि भी दी जाएगी।
तबाह किए गए 9 आतंकी ठिकाने
पहलगाम में हुए हमले के जवाब में भारत ने “ऑपरेशन सिंदूर” चलाया, जो अब तक की सबसे संगठित और तेज जवाबी कार्रवाई मानी जा रही है। इस ऑपरेशन के तहत भारत ने पाकिस्तान और पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) में स्थित 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। इस कार्रवाई में आतंकी लॉन्च पैड, हथियार डिपो और ट्रेनिंग कैंप निशाना बनाए गए। ऑपरेशन के बाद पाकिस्तानी सेना और आतंकियों को भारी नुकसान हुआ।
भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान ने भारत के कई शहरों पर ड्रोन और मिसाइल हमलों की कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षा प्रणाली ने इन सभी हमलों को हवा में ही नाकाम कर दिया। भारत की ओर से भी सीमा पर पूरी तैयारी के साथ मुंहतोड़ जवाब दिया गया, जिससे पाकिस्तान को पीछे हटना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम में भारत ने अपनी सैन्य ताकत और रणनीतिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
परमाणु धमकी पर बोले PM मोदी
ऑपरेशन सिंदूर से पहले और उसके बाद, पाकिस्तान ने भारत को परमाणु बम की धमकी देने की कोशिश की। इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सख्त लहजे में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अब भारत किसी धमकी से डरने वाला नहीं है। पीएम मोदी का यह बयान भारत के बदलते रुख और ‘नई नीति – पहले चेतावनी नहीं, सीधे कार्रवाई’ की झलक देता है।
हमला करोगे तो छोड़ेंगे नहीं
पहलगाम हमले ने देश को झकझोर कर रख दिया था, लेकिन भारत ने अब यह साबित कर दिया है कि कोई भी हमला अब बिना जवाब के नहीं रहेगा। ऑपरेशन सिंदूर एक स्पष्ट संदेश है – अगर भारत पर हमला किया गया, तो जवाब सर्जिकल स्ट्राइक से भी आगे होगा। अब निगाहें हैं इस पर कि भारत में छिपे आतंकियों को कब तक पकड़ा जाएगा, और क्या पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज आएगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...