नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से जुड़ा एक बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने हमले में आतंकियों की मदद करने वाले मोहम्मद यूसुफ कटारिया को गिरफ्तार कर लिया है। कटारिया लश्कर-ए-तैयबा के फ्रंट संगठन टीआरएफ (TRF) से जुड़ा आतंकी है और उसने 22 अप्रैल को बैसरन घाटी में हुए 26 पर्यटकों की हत्या के मामले में आतंकियों को सहायता दी थी।
कटारिया दक्षिण कश्मीर का रहने वाला है। वह पहलगाम में संविदा शिक्षक के तौर पर बच्चों को पढ़ाता था। कुछ महीने पहले वह आतंकियों के संपर्क में आया और उनकी मदद करने लगा। पुलिस जांच में यह सामने आया कि उसने आतंकियों की आवाजाही और छिपने में मदद की थी।
ऑपरेशन महादेव के दौरान सेना ने आतंकियों के पास से हथियार और कई सामान बरामद किए थे। इनकी जांच के बाद पुलिस को कटारिया के बारे में पक्के सुराग मिले। इसके बाद श्रीनगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अब कटारिया के साथियों की पहचान कर रही है। साथ ही टीआरएफ के नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में शांति बहाल करने के लिए वो आतंकी मॉड्यूल्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।
22 अप्रैल को पहलगाम की बैसरन घाटी में धर्म पूछकर 26 पर्यटकों की हत्या की गई थी। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित टीआरएफ ने ली थी। इसके जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया, जिसमें पाकिस्तान में मौजूद कई आतंकी ठिकाने तबाह किए गए और 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए। बाद में 28 जुलाई को ऑपरेशन महादेव के तहत तीन और आतंकियों को मारा गया, जो हमले में शामिल थे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...