Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Pahalgam Terror Attack : पीड़ितों के परिवार को न्याय मिले… पहलगाम आतंकी हमले पर राहुल गांधी ने गृहमंत्री अमित शाह से की अपील

April 23, 2025

Pahalgam Terror Attack : पीड़ितों के परिवार को न्याय मिले… पहलगाम आतंकी हमले पर राहुल गांधी ने गृहमंत्री अमित शाह से की अपील

नेशनल डेस्क : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले को लेकर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने इस हमले को “दिल तोड़ देने वाली और अत्यंत निंदनीय” घटना बताया। इसके साथ ही राहुल गांधी ने हमले के संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक कर्रा से फोन पर बात की और स्थिति की जानकारी ली। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

राहुल गांधी ने घटना को बताया अत्यंत दुखद

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर राहुल गांधी ने लिखा “गृह मंत्री अमित शाह, उमर अब्दुल्ला और कांग्रेस नेता तारिक कर्रा से बात की। पहलगाम हमले पर जानकारी ली। पीड़ितों के परिवार न्याय और हमारे पूर्ण समर्थन के हकदार हैं।” राहुल गांधी ने कहा कि “पर्यटकों की इस तरह हत्या और घायल होना दिल को तोड़ देने वाली और अत्यंत निंदनीय घटना है।” उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

क्या है मामला ?

आपको बता दें कि मंगलवार दोपहर को पहलगाम के पास सुंदर बैसरन घाटी में आतंकियों ने पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलीबारी की थी, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई और कई घायल हुए। हमले के पीछे पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन TRF (The Resistance Front) का हाथ बताया जा रहा है। वहीं इस हमले के बाद देशभर में शोक और आक्रोश का माहौल है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए पीड़ित परिवारों के साथ एकजुटता दिखाई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें