नेशनल डेस्क : पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को आज (22 मई) को हरियाणा के हिसार कोर्ट में पेश किया गया। उसे सुबह 9:30 बजे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पुलिस को उसकी 4 दिन की रिमांड मिली। इससे पहले, पुलिस ने ज्योति का रात 11:30 बजे मेडिकल परीक्षण करवाया था, ताकि उसकी शारीरिक स्थिति का आकलन किया जा सके। इस रिमांड के दौरान पुलिस ज्योति से और पूछताछ करेगी, ताकि जासूसी से संबंधित तथ्यों का पता लगाया जा सके और इस मामले की तह तक पहुंचा जा सके। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
पूछताछ के बाद हुए चौंकाने वाले खुलासे
दरअसल, पिछले कुछ दिनों में हिसार पुलिस ने ज्योति मल्होत्रा से अलग-अलग राउंड में घंटों पूछताछ की है। इस पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, अब यह देखना होगा कि क्या ज्योति ने जिन तथ्यों का खुलासा किया है, उससे पुलिस संतुष्ट है या फिर जांच में और जानकारी हासिल करनी बाकी है। बता दें कि ज्योति मल्होत्रा पर आरोप है कि उसने पाकिस्तान के लिए जासूसी की, और वह पाकिस्तान के ऑपरेटिव एजेंट्स से संपर्क में रही। इसके अलावा सोशल मीडिया पर वायरल हो रही उसकी डायरी के पन्नों को लेकर भी मामले में कई सवाल उठ रहे हैं।
ज्यूडिशियल कस्टडी क्या होती है?
ज्यूडिशियल कस्टडी का मतलब है कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जाता है। यह प्रक्रिया तब होती है जब मजिस्ट्रेट आरोपी को 14 दिन तक जेल में रखने का आदेश देते हैं। मजिस्ट्रेट यह निर्णय लेते हैं कि आरोपी को केस की जांच के दौरान जेल में रखा जाए या उसे पुलिस हिरासत में रखा जाए। इस समय तक आरोपी को कोर्ट के आदेश पर ही हिरासत में रखा जा सकता है।
NIA और अन्य खुफिया एजेंसियों द्वारा पूछताछ
हरियाणा पुलिस ने यह स्पष्ट किया है कि ज्योति मल्होत्रा की कथित डायरी के पन्ने जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, वह फिलहाल उसके पास नहीं हैं। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने जो भी जानकारी प्राप्त की है, उससे वह संतुष्ट हैं। अब वे प्राइमरी चार्जशीट दायर करने पर विचार कर रही हैं। इसके अलावा, एनआईए (नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी), मिलिट्री इंटेलिजेंस, और अन्य खुफिया एजेंसियों ने भी ज्योति से पूछताछ की है और उनकी रिपोर्ट जल्द ही कोर्ट में पेश की जाएगी।
हिसार की सेंट्रल जेल में बंद
वर्तमान में ज्योति मल्होत्रा हिसार की सेंट्रल जेल में बंद है और आज दोपहर बाद उसे अदालत में पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक, अब तक कोई ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं जो यह साबित करते हों कि ज्योति का आतंकवादी संगठनों से कोई संबंध था, लेकिन वह पाकिस्तानी ऑपरेटिव एजेंसी (POI) से संपर्क में रही थी। इसके अलावा, पुलिस ने बताया कि तीन मोबाइल फोन और एक लैपटॉप से महत्वपूर्ण चैट्स और डेटा प्राप्त किए गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे जिन डायरी पन्नों में पाकिस्तानी अधिकारियों और लोगों के साथ संपर्क की जानकारी दी गई थी, उनकी एक सूची तैयार की जा चुकी है।
बहुत ही संवेदनशील है मामला
ज्योति मल्होत्रा का मामला बहुत ही संवेदनशील है, और पुलिस व खुफिया एजेंसियाँ इसकी गहरी जांच कर रही हैं। आज अदालत में पेशी के दौरान यह तय होगा कि उसे ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा जाएगा या फिर पुलिस को फिर से रिमांड मिलने की अनुमति दी जाएगी। इस मामले में जो भी नए खुलासे होंगे, वे देश की सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण होंगे।

