Site icon Dainik Savera Times

Pakistan: तेज धमाके के बाद जाफर एक्सप्रेस पटरी से उतरी, 3 महीने पहले BLA ने इसी ट्रेन को किया था हाईजैक

इंटरनेशनल डेस्क: पाकिस्तान में पेशावर से कोटा जा रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन मंगलवार को जकोकाबाद के पास एक तेज धमाके के बाद पटरी से उतर गई। बताया जा रहा है कि यह धमाका रेलवे ट्रैक पर हुआ, जिसके कारण ट्रेन की 6 बोगियां डिरेल हो गईं। हादसे के बाद रेलवे और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया।

सभी यात्री सुरक्षित
खुशकिस्मती से इस हादसे में किसी भी यात्री की मौत या गंभीर चोट की खबर नहीं आई है। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था के तहत उनकी मंजिल की ओर भेजा जा रहा है। हालांकि, धमाके के कारणों की जांच अभी जारी है। कुछ सूत्रों ने आशंका जताई है कि यह धमाका साजिश या तोड़फोड़ का नतीजा हो सकता है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

 

सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी
घटना के बाद रेलवे ट्रैक की मरम्मत का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है, और अन्य ट्रेनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचकर जांच कर रही हैं और रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और आधिकारिक जानकारी का पालन करें।

जब जाफर एक्सप्रेस को बीएलए ने बंधक बनाया था
जाफर एक्सप्रेस पाकिस्तान के पेशावर से क्वेटा के बीच चलती है। कुछ महीने पहले इसे बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने बंधक बना लिया था। इस घटना ने पाकिस्तान के रेल इतिहास में गंभीर सुरक्षा खामियों और आंतरिक संघर्षों को उजागर किया। बीएलए के हथियारबंद आतंकवादियों ने ट्रेन को एक सुनसान जगह पर रोककर 400 से अधिक यात्रियों को बंधक बना लिया था। उनका मुख्य उद्देश्य बलूचिस्तान में कथित मानवाधिकार हनन और सेना की मौजूदगी के खिलाफ विरोध जताना था। हालांकि, बाद में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और बीएलए के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों पक्षों को नुकसान हुआ। अंततः बीएलए ने यात्रियों को बिना किसी नुकसान के छोड़ दिया था।

Exit mobile version