Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘मुंबई हमले के समय विदेशी दबाव में पाकिस्तान पर हमला नहीं किया’, पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला

October 8, 2025

‘मुंबई हमले के समय विदेशी दबाव में पाकिस्तान पर हमला नहीं किया’, पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2008 में मुंबई हमले के दौरान कांग्रेस सरकार ने आतंकवादियों के सामने घुटने टेक दिए थे और विदेशी दबाव के कारण पाकिस्तान पर हमला करने से बची। पीएम मोदी यह बयान नवी मुंबई में एक एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद आयोजित एक कार्यक्रम में दे रहे थे।

यह भी पढ़ें:  ‘भारत में निवेश करने का यह सबसे अच्छा समय’, IMC के उद्घाटन कार्यक्रम में बोले पीएम मोदी

कांग्रेस सरकार आतंकवाद के सामने झुक गई

पीएम मोदी ने कहा, “मुंबई न केवल भारत की आर्थिक राजधानी है, बल्कि यह देश के सबसे जीवंत शहरों में से एक भी है। यही वजह है कि 2008 में आतंकवादियों ने मुंबई पर हमला किया। लेकिन उस समय कांग्रेस सरकार ने कमजोरी का संदेश दिया और आतंकवाद के सामने झुक गई।”

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के एक बड़े नेता का जिक्र किया, जो पहले गृह मंत्री भी रह चुके थे। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि मुंबई हमले के बाद भारतीय सेनाएं पाकिस्तान पर हमला करने के लिए तैयार थीं, लेकिन किसी विदेशी दबाव के कारण कांग्रेस सरकार ने सेना को हमले से रोक दिया। पीएम मोदी ने यह सवाल उठाया कि वह कौन से विदेशी दबाव थे, जिनके कारण कांग्रेस ने देश की सुरक्षा से समझौता किया और आतंकवादियों को मजबूत होने का मौका दिया।

 

  यह भी पढ़ें:  अमित शाह ने बदली अपनी ईमेल आईडी, Zoho Mail पर हुए शिफ्ट

देशवासियों की भावनाओं से खिलवाड़ किया

उन्होंने यह भी कहा, “कांग्रेस को यह बताना होगा कि वह कौन था जिसने इस निर्णय को लिया, जिसने मुंबई हमले के बाद देश और देशवासियों की भावनाओं से खिलवाड़ किया। इस फैसले की कीमत भारत को बार-बार आतंकवादियों से जान गंवाकर चुकानी पड़ी।“ पीएम मोदी ने आगे कहा, “आज का भारत पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है। हम अब केवल शब्दों से नहीं, बल्कि कार्रवाई से जवाब देते हैं। आज का भारत आतंकवादियों के घर में घुसकर हमला करता है, और दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान यह देखा भी है।”

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने नवी मुंबई के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस हवाई अड्डे की लागत लगभग 19,650 करोड़ रुपये है और यह भारत की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजना है। हवाई अड्डे के पूरे होने के बाद, यह मुंबई महानगर क्षेत्र में छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) के साथ मिलकर काम करेगा, जिससे शहर के हवाई यातायात की भीड़ कम होगी। यह हवाई अड्डा दुनिया के सबसे कुशल हवाई अड्डों में से एक माना गया है, और इसकी क्षमता 9 करोड़ यात्रियों और 32.5 लाख मीट्रिक टन कार्गो की होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें