Site icon Dainik Savera Times

पाकिस्तान की घटिया हरकत, अभिनंदन की तस्वीर दिखाकर किया ये भद्दा इशारा (VIDEO)

नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के खिलाफ शुक्रवार को लंदन में बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोगों ने पाकिस्तान हाई कमीशन (उच्चायोग) के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। लोग इस हमले में मारे गए 26 लोगों के लिए न्याय की मांग कर रहे थे।

लेकिन इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान एक पाकिस्तानी अधिकारी ने बेहद भड़काऊ हरकत कर दी। उसने प्रदर्शन कर रहे भारतीयों की ओर देखकर गला काटने का इशारा किया। यही नहीं, उसके हाथ में भारतीय वायुसेना के बहादुर पायलट अभिनंदन वर्धमान की तस्वीर थी और वह एक कप चाय भी पकड़े हुए था, जिससे वह उनका मजाक उड़ाने की कोशिश कर रहा था।


सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और इंटरनेट यूजर्स ने पाकिस्तानी अधिकारी की इस हरकत की जमकर आलोचना की है। लोगों का कहना है कि पाकिस्तान के अफसरों और राजनयिकों में न तो शिष्टाचार है और न ही समझदारी। ऐसे संवेदनशील पदों पर बैठे लोगों से जिम्मेदार व्यवहार की उम्मीद की जाती है, लेकिन इस घटना से उनकी सोच और मानसिकता साफ नजर आ रही है।

मनजिंदर सिंह सिरसा ने दी प्रतिक्रिया
दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी इस पर सख्त प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान खुद संकट में है, और उसके अधिकारी निर्दोष लोगों का सिर काटने की धमकी दे रहे हैं। जो लोग लंदन में धमकियां दे रहे थे, उनकी पहचान की जाएगी और इंग्लैंड में उनसे जवाब मांगा जाएगा।”

अभिनंदन वर्धमान का जिक्र क्यों हुआ?
पाकिस्तान के अधिकारी ने प्रदर्शन के दौरान इंडियन पायलट अभिनंदन वर्धमान की तस्वीर दिखाई और भद्दे इशारे किए। पुलवामा आतंकी हमले के जवाब में भारत ने 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राइक कर कई आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था।

इसके अगले दिन दोनों देशों की वायुसेनाओं में डॉग फाइट (हवाई संघर्ष) हुआ। भारतीय वायुसेना के पायलट अभिनंदन वर्धमान ने मिग-21 से पाकिस्तान के एफ-16 विमान को मार गिराया। हालांकि, उनका विमान भी क्रैश हो गया और वे पाकिस्तान की सीमा में जा गिरे, जहां उन्हें पकड़ लिया गया था। लेकिन अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते पाकिस्तान को दो दिन के भीतर ही अभिनंदन को वाघा बॉर्डर से भारत लौटाना पड़ा।

Exit mobile version