भारत और जर्मनी के बीच पेरिस ओलंपिक का सेमीफाइनल मैच शुरू हो चुका है। पहला क्वार्टर शुरू हो चुका है और भारत की कोशिश जल्द से जल्द बढ़त हासिल करने की होगी। भारतीय पुरुष हॉकी टीम को पेनल्टी कॉर्नर मिला है औऱ टीम की कोशिश इसे गोल में बदलकर बढ़त लेने की होगी। भारत इस मौके का फायदा नहीं उठा सका, लेकिन एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल करने में सफल रहा। हालांकि, दूसरे पेनल्टी कॉर्नर पर भी भारत गोल नहीं कर सका।
जर्मनी फाइनल में पहुंचा
जर्मनी ने सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को हराकर पेरिस ओलंपिक के फाइनल में जगह बना ली है। जर्मनी ने इस मैच में भारत को 3-2 के अंतर से हराया और स्वर्ण पदक मुकाबले में जगह बना ली। जर्मनी का फाइनल में सामना नीदरलैंड से होगा जिसने एक अन्य सेमीफाइनल में स्पेन को हराया था। भारतीय टीम भले ही स्वर्ण पदक मुकाबले के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी, लेकिन हरमनप्रीत सिंह की अगुआई वाली टीम के पास कांस्य पदक जीतने का मौका रहेगा। भारत का कांस्य के लिए सामना स्पेन से होगा।
तीसरा क्वार्टर समाप्त
भारत और जर्मनी के बीच सेमीफाइनल मैच का तीसरा क्वार्टर समाप्त हो गया है। हॉफ टाइम के बाद भारत ने जोरदार वापसी की और सुखजीत सिंह ने 36वें मिनट पर मिली पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने में जरा भी देर नहीं की। इस तरह भारत ने स्कोर 2-2 से बराबर किया। अब 15 मिनट का खेल शेष है और दोनों टीमों की कोशिश बढ़त लेने की होगी।
जर्मनी ने दागा बराबरी का गोल
जर्मनी ने दूसरे क्वार्टर में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत के खिलाफ स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया है। जर्मनी के लिए 18वें मिनट में गोंजालो पिलाट ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर टीम को बराबरी दिलाई।
पहला क्वार्टर समाप्त:-
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जर्मनी के खिलाफ सेमीफाइनल मैच के पहले क्वार्टर में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत ने पहले क्वार्टर में सात पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए जिसमें से एक को गोल में बदला। भारत के लिए हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को भुनाने में कोई गलती नहीं की और भारत को बढ़त दिलाई। हरमनप्रीत का यह पेरिस ओलंपिक का आठवां गोल था।
भारतीय हॉकी टीम ने जर्मनी के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले के पहले क्वार्टर में ही गोल कर बढ़त हासिल कर ली है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने सातवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा।

