Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Paris Olympics : स्वप्निल कुसाले के पदक जीतने पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने दी बधाई

August 1, 2024

Paris Olympics : स्वप्निल कुसाले के पदक जीतने पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने दी बधाई

नई दिल्ली। पेरिस ओलंपिक के छठे दिन गुरुवार को भारत की झोली में एक और मेडल आया। स्वप्निल कुसाले ने इतिहास रचते हुए शूटिंग की पुरुष स्पर्धा 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में ब्रॉन्ज मेडल जीता। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत तमाम नेताओं ने स्वप्निल कुसाले को ओलंपिक में पदक जीतने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ’स्वप्निल कुसाले का शानदार प्रदर्शन। पेरिस ओलंपिक 2024 में पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में कांस्य पदक जीतने पर आपको बधाई देता हूं। उनका प्रदर्शन इसलिए खास है क्योंकि उन्होंने बेहतरीन लचीलापन और कौशल दिखाया है। वह इस श्रेणी में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट भी हैं। हर भारतीय इससे काफी खुश है।’

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लिखा, ’पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर स्वप्निल कुसाले को हार्दकि बधाई। वह पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन श्रेणी में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। यह पहली बार है कि भारत ने एक ही ओलंपिक खेलों में शूटिंग स्पर्धाओं में तीन पदक जीते हैं। पूरे शूटिंग दल ने भारत को गौरवान्वित किया है। मैं आगामी प्रतियोगिताओं के लिए हमारे सभी खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं देती हूं। मैं कामना करता हूं कि स्वप्निल कुसाले भविष्य में और भी पदक जीतें।‘

गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर लिखा, ’पेरिस ओलंपिक में स्वप्निल कुसाले ने 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन पुरुष फाइनल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। मुझे आप पर गर्व है। आपने जीत का एक ऐसा उदाहरण पेश किया है जो लाखों लोगों को खेल में चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित करेगा। जीतते रहिए और देश को गौरवान्वित करते रहिए।’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, ’पेरिस ओलंपिक 2024 में पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में कांस्य पदक जीतने के लिए स्वप्निल कुसाले को बधाई। यह किसी भी ओलंपिक में इस स्पर्धा में भारत द्वारा जीता गया पहला पदक है। आशा है कि यह सफलता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।’

बता दें कि पहली बार किसी भारतीय शूटर ने ओलंपिक की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में मेडल जीता है। पेरिस ओलंपिक में भारत ने अपने नाम तीसरा मेडल किया है। खास बात यह है कि तीनों मेडल भारतीय शूटर ने दिलाए हैं। इससे पहले मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने मिक्स्ड 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में दक्षिण कोरियाई जोड़ी को मात देकर भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें