Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

पटना पुलिस ने कन्हैया कुमार को हिरासत में लिया, सीएम आवास घेराव की कोशिश नाकाम

April 11, 2025

पटना पुलिस ने कन्हैया कुमार को हिरासत में लिया, सीएम आवास घेराव की कोशिश नाकाम

नेशनल डेस्क: पटना में शुक्रवार को कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार और उनके साथ 30 से ज्यादा पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। ये सभी लोग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास का घेराव करने जा रहे थे। इस दौरान यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभान और बिहार यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष गरीबदास भी मौजूद थे, जिन्हें भी पुलिस ने हिरासत में लिया।

पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन (पानी की बौछार) का इस्तेमाल किया, लेकिन वे पीछे नहीं हटे। इसके बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए सभी को हिरासत में ले लिया। फिलहाल स्थिति शांत है और सभी को पुलिस लाइन ले जाया गया है।

 

बेरोजगारी को लेकर नीतीश पर बोला हमला
हिरासत में लिए जाने से पहले कन्हैया कुमार ने कहा कि, “बीजेपी ने नीतीश कुमार को जकड़ रखा है, जबकि उल्टा होना चाहिए था। नीतीश कुमार की वजह से ही मोदी सरकार केंद्र में चल रही है।” उन्होंने बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों को लेकर बिहार सरकार को घेरा।

तेजस्वी यादव का बयान
पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कन्हैया की यात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हमने ‘बेरोजगारी हटाओ यात्रा’, ‘संविधान बचाओ यात्रा’ और ‘आरक्षण बढ़ाओ यात्रा’ जैसे अभियानों की शुरुआत की थी। हमारी लड़ाई असली मुद्दों पर है- जैसे बेरोजगारी। अगर अब दूसरे दल भी इन मुद्दों पर सड़कों पर उतर रहे हैं, तो ये अच्छी बात है।”


क्या है ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ यात्रा?
कन्हैया कुमार ने 16 मार्च को बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के भितिहरवा गांधी आश्रम से ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ नाम की पदयात्रा शुरू की थी। ये यात्रा राज्य भर के कई जिलों से होते हुए शुक्रवार को पटना पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इसके बाद कन्हैया और कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़े, जिससे पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें