बिहार डेस्क। बिहार के पटना के बापू सभागार में आयोजित छात्र संसद कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कार्यक्रम से बाहर निकलते समय बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव उस वक्त बाल-बाल बच गए, जब सभागार का कांच का मुख्य द्वार टूट गया और गेट टूटने की घटना में राजद का एक कार्यकर्ता बुरी तरह घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
क्या है पूरा मामला?
पटना के बापू सभागार में सोमवार को छात्र संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी शामिल हुए थे। जब कार्यक्रम खत्म हुआ और तेजस्वी यादव बाहर निकलने लगे, तब एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया।
कैसे हुआ हादसा?
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तेजस्वी यादव जैसे ही मुख्य गेट की ओर बढ़े, वहां भीड़ अचानक बेकाबू हो गई। गेट पर खड़े राजद के कई कार्यकर्ता तेजस्वी यादव के साथ सेल्फी लेने की कोशिश करने लगे। उसी दौरान गेट पर इतनी भीड़ जमा हो गई कि मुख्य गेट का शीशा अचानक टूट गया।
क्या कहा प्रत्यक्षदर्शियों ने?
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि कार्यक्रम में बहुत भीड़ थी और सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर थी। आयोजकों की ओर से भीड़ नियंत्रित करने के लिए कोई प्रभावी इंतजाम नहीं था, जिससे यह हादसा हुआ। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि तेजस्वी यादव जैसे ही बाहर निकलते हैं, दर्जनों कार्यकर्ता उन्हें घेर लेते हैं और सेल्फी लेने की होड़ मच जाती है।