नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच कथित बातचीत और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत-पाक के बीच युद्धविराम को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए कहा, “इस व्यक्ति की सच्चाई है- नाम नरेंद्र, काम सरेंडर।”
उन्होंने कहा कि जब देश का नेतृत्व ऐसा व्यक्ति करता है, जिसके संगठन का इतिहास ‘कायरता’ से भरा है, तो देश का भविष्य खतरे में पड़ जाता है। खेड़ा का दावा है कि पिछले 22 दिनों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 12 बार यह कह चुके हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रोकने के लिए व्यापारिक दबाव डाला। खेड़ा ने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस बारे में अब तक कोई बयान क्यों नहीं दिया? उन्होंने कहा कि ट्रंप का यह कहना कि उन्होंने कश्मीर मुद्दे पर मध्यस्थता की थी, भारत के लिए अपमानजनक है।
राहुल गांधी का निशाना
राहुल गांधी ने भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “जब ट्रंप ने मोदीजी से कहा- नरेंद्र, क्या कर रहे हो, तो मोदीजी ने तुरंत ‘जी हजूर’ कहते हुए सरेंडर कर दिया।” राहुल ने 1971 के युद्ध का ज़िक्र करते हुए कहा कि जब अमेरिका ने उस समय भारत को धमकाया था, तो तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने कहा था, “मुझे जो करना है, मैं करूंगी।” और अमेरिका के दबाव के बावजूद भारत ने पाकिस्तान को दो टुकड़ों में बांट दिया था। उन्होंने बीजेपी और आरएसएस पर तंज करते हुए कहा कि इतिहास गवाह है, बीजेपी-आरएसएस का यही चरित्र है, वे हमेशा झुकते हैं। कांग्रेस के ‘बब्बर शेर’ कभी नहीं झुकते।”
ऑपरेशन सिंदूर क्या है?
भारत ने 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था। यह जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी, के जवाब में चलाया गया था। भारत ने पाकिस्तान और पीओजेके में आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए और बाद में पाकिस्तान की ओर से हुई प्रतिक्रिया का भी जवाबी जवाब दिया। अंत में, पाकिस्तान की सेना के DGMO द्वारा भारतीय DGMO को कॉल किए जाने के बाद दोनों देशों ने सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई।
मेष: दिन शुभ रहेगा...