Dainik Savera Times

आम जनता को लगा महंगाई का बड़ा झटका, पेट्रोल-डीजल के बाद अब सिलेंडर भी हुआ महंगा

LPG gas

नेशनल डेस्क: आम जनता को महंगाई के मोर्चे पर एक और बड़ा झटका लगा है। पेट्रोल-डीजल के बाद  अब एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ गई हैं। केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर और उज्जवला योजना के तहत मिलने वाले सिलेंडरों की कीमत में 50 रुपए प्रति सिलेंडर का इजाफा किया है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बढ़ोतरी का ऐलान किया है।

हरदीप सिंह पुरी का बयान
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को वितरण कंपनियों द्वारा रसोई गैस (एलपीजी) की कीमतों में 50 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी का ऐलान किया। मंत्री ने बताया कि यह बढ़ोतरी उज्जवला योजना के लाभार्थियों और सामान्य श्रेणी के ग्राहकों दोनों के लिए लागू होगी। उन्होंने कहा, “यह एक ऐसा कदम है जिसकी हम आगे बढ़ने के साथ समीक्षा करेंगे। हम हर 2-3 सप्ताह में इसकी समीक्षा करते हैं।”

 

नई कीमतें क्या होंगी?
– सामान्य उपभोक्ताओं के लिए 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 803 रुपए से बढ़कर 853 रुपए हो जाएगी।
– वहीं, उज्जवला योजना के तहत उपभोक्ताओं के लिए 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत 503 रुपए से बढ़कर 553 रुपए हो जाएगी।

एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी से आम जनता पर महंगाई का बोझ और बढ़ जाएगा, खासकर उन परिवारों के लिए जो उज्जवला योजना का लाभ ले रहे हैं। अब, रसोई गैस की कीमतों में यह वृद्धि उनके मासिक बजट पर अतिरिक्त दबाव डाल सकती है।

2 रुपए महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल 
इससे पहले अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट के बीच सरकार ने सोमवार को पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क दो-दो रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिया। एक आधिकारिक आदेश के मुताबिक, पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क को बढ़ाकर 13 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। इस आदेश में यह नहीं बताया गया है कि उत्पाद शुल्क में वृद्धि का पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों पर किस तरह का असर देखने को मिलेगा।

 

Exit mobile version