Site icon Dainik Savera Times

‘मोदी कैबिनेट में बैठे हैं बैल बुद्धि वाले लोग’, पवन खेड़ा का हरदीप पुरी पर पलटवार

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने गुरुवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की उस टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी जिसमें उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को “बालक बुद्धि” कहा था। खेड़ा ने कहा कि असली “बैल बुद्धि” वाले लोग तो मोदी सरकार की कैबिनेट में बैठे हैं।

पवन खेड़ा ने भाजपा नेताओं पर कसा तंज 

पवन खेड़ा ने भाजपा नेताओं के बयानों पर तंज कसते हुए कहा, “उन्हें जो कहना है कहने दीजिए, उस पर हंस दीजिए और आगे बढ़ जाइए। जब हरदीप पुरी और अनुराग ठाकुर जैसे लोग खुद चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हैं तो हम भी उन्हें ‘बैल बुद्धि’ कहते हैं।”

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, मामला राहुल गांधी के उस बयान से जुड़ा है जिसमें उन्होंने 7 अगस्त को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में “वोट चोरी” का आरोप लगाया था। राहुल गांधी ने दावा किया था कि वहां 1 लाख से ज्यादा फर्जी वोट दर्ज किए गए, जिनमें डुप्लीकेट मतदाता, फर्जी पते और अमान्य वोट शामिल थे।

 

अनुराग ठाकुर का पलटवार 

इसके जवाब में, 13 अगस्त को भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने पलटवार किया और राहुल गांधी पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस असल में “घुसपैठियों के वोट बैंक” को बचाने की रणनीति चला रही है। उन्होंने राहुल गांधी से पूछा कि जब रायबरेली, वायनाड, डायमंड हार्बर और कन्नौज जैसी सीटों पर गड़बड़ियां सामने आईं, तो उन पर सवाल क्यों नहीं उठाए गए, जबकि ये सीटें इंडिया ब्लॉक ने जीती थीं।

क्या बोले हरदीप सिंह पुरी?

इसके बाद हरदीप सिंह पुरी ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी “गोली चलाओ और भाग जाओ” वाली राजनीति करते हैं। पुरी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “कुछ नेता, जो बालक बुद्धि से प्रभावित हैं, वे तर्क से दूर होकर केवल झूठ फैलाते हैं और भारत की चुनावी व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हैं।” पवन खेड़ा ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने यह मुद्दा 7 अगस्त को उठाया था और हरदीप पुरी ने वही बात 7 सितंबर को दोहराई। ऐसे में “बालक बुद्धि” कौन है, यह साफ हो जाता है।

Exit mobile version