काठमांडू: नेपाल की निजी एयरलाइन कंपनी सीता एयर के एक विमान को बुधवार दोपहर काठमांडू के त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी। इस विमान में कुल 15 यात्री सवार थे, जिनमें 12 भारतीय नागरिक और 3 नेपाली यात्री शामिल थे। इसके अलावा विमान चालक दल के तीन सदस्य भी विमान में मौजूद थे।
जानकारी के मुताबिक, यह विमान लुक्ला से रामेचाप की ओर जा रहा था, तभी उसमें तकनीकी खराबी आ गई। एयरलाइन के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब 2 बजे की है और खराबी का कारण हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी बताया गया है।
तकनीकी गड़बड़ी की सूचना मिलते ही विमान को काठमांडू एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया, जहां विमान की सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई गई। एयरपोर्ट को पहले ही अलर्ट कर दिया गया था। लैंडिंग के बाद विमान को पार्किंग बे में ले जाया गया। राहत की बात है कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। सीता एयरलाइन के अधिकारियों ने भी इस बात की पुष्टि की है।

