Site icon Dainik Savera Times

PM Modi Bihar Visit: पीएम मोदी ने राजद-कांग्रेस पर जमकर बोला हमला, कहा- NDA सरकार जल्द ही “डेमोग्राफी मिशन” शुरू करेगी

बिहार डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के गयाजी को बड़ी सौगात दी। उन्होंने लगभग 13,000 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इन योजनाओं में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शहरी विकास और जल आपूर्ति से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दोनों डिप्टी सीएम और केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी भी मौजूद रहे। पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार जल्द ही “डेमोग्राफी मिशन” शुरू करेगी। उनका कहना था कि घुसपैठियों की वजह से सीमावर्ती इलाकों की जनसंख्या बदल रही है। घुसपैठ देश और बिहार के युवाओं के भविष्य के लिए बड़ा खतरा है। कांग्रेस और राजद जैसी पार्टियां गरीबों का हक छीनकर घुसपैठियों को फायदा देना चाहती हैं।

 

भ्रष्टाचार पर सख्त कानून

मोदी ने कहा कि उनकी सरकार पर अब तक भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं है, जबकि कांग्रेस और राजद के राज में भ्रष्टाचार चरम पर था। उन्होंने बताया कि एनडीए सरकार ने एक नया कानून बनाया है। इस कानून के तहत प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्री तक इसके दायरे में आएंगे। अगर किसी नेता पर आरोप साबित होता है तो 30 दिन में जमानत लेनी होगी, वरना कुर्सी छोड़नी पड़ेगी। अब कोई जेल में बैठकर सत्ता का मज़ा नहीं ले पाएगा।

 

राजद और कांग्रेस पर तंज

पीएम मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस के समय में प्रोजेक्ट समय पर पूरे नहीं होते थे। उन्होंने उदाहरण दिया कि औंटा-सिमरिया छह लेन पुल का शिलान्यास भी उन्होंने किया और उद्घाटन भी उनके हाथों हुआ। अब एनडीए सरकार समय सीमा के अंदर प्रोजेक्ट पूरे करवाती है। उन्होंने कहा कि यह फर्क “एनडीए राज” और “लालटेन राज” में साफ दिखता है।

 

लालू राज में अराजकता और अपराध का बोलबाला था

मोदी ने कहा कि लालू राज के समय बिहार में अराजकता और अपराध का बोलबाला था। लोग लाल आतंक के डर में जी रहे थे। गयाजी जैसे शहर अंधेरे में डूबे रहते थे। निर्दोष लोगों की हत्याएं आम बात थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद ने बिहार के लोगों को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया।

 

पाकिस्तान और आतंकवाद पर सख्त संदेश

पीएम मोदी ने कहा बिहार की धरती से उन्होंने आतंकियों को मिट्टी में मिलाने की कसम खाई थी और वह पूरी हुई। पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलें दागीं लेकिन भारत ने उन्हें गिरा दिया।अब आतंकवादी चाहे पाताल में क्यों न छिपें, भारत की मिसाइल उन्हें ढूंढकर खत्म कर देगी।

 

गरीबों के लिए पक्के घर

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब तक हर जरूरतमंद को पक्का घर नहीं मिलेगा, तब तक वह चैन से नहीं बैठेंगे। पिछले 11 साल में पूरे देश में 4 करोड़ से अधिक पक्के घर बनाए गए। सिर्फ बिहार में ही 38 लाख से ज्यादा घर बने। गया जिले में 2 लाख से ज्यादा परिवारों को घर मिले। इन घरों के साथ बिजली, पानी, गैस कनेक्शन और शौचालय भी दिए गए। उन्होंने बताया कि इस बार मगध क्षेत्र के 16 हजार परिवारों को घर मिले हैं। इससे उनकी दिवाली और छठ पूजा की खुशियां दोगुनी हो जाएंगी।

 

Exit mobile version