Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi ने जम्मू-कश्मीर को बताया भारत का ताज, लोगों को वायदे पूरा करने का दिया भरोसा

January 13, 2025

PM Modi ने जम्मू-कश्मीर को बताया भारत का ताज, लोगों को वायदे पूरा करने का दिया भरोसा

PM Modi : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर को भारत का ताज बताते हुए, क्षेत्र के लोगों को भरोसा दिया कि उन्होंने जो वायदे किए हैं, उन्हें निभाया जाएगा और राज्य के विकास के लिए हर काम समय से पूरा किया जाएगा। पीएम मोदी सोनमर्ग सुरंग (जेड-मोड़-सुरंग) का उद्घाटन करने के बाद यहां आयोजित एक बड़ी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। पीएम मोदी ने कहा, कि ‘आप पक्का मानिये, ये मोदी है, वादा करता है, तो निभाता है। हर काम का समय होता है, सही समय पर सही काम भी होने वाले हैं। ’’ इस मौके पर केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग विकास मंत्री नितिन गडकरी, प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डॉ जितेन्द्र सिंह, केन्द्र शासित प्रदेश के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी मौजूद थे।

प्रधानमंत्री माेदी ने कहा, कि ‘कश्मीर तो देश का मुकुट है भारत का ताज है। इसलिए मैं चाहता हूं कि ये ताज और सुंदर हो और समृद्ध हो। मुझे ये देखकर खुशी होती है कि इस काम में मुझे यहां के नौजवानों, बुजुर्गों, बेटे-बेटियों का लगातार साथ मिल रहा है।’’ प्रधानमंत्री ने सोनमर्ग सुरंग को जम्मू-कश्मीर के लिए एक बड़ी सौगात बताते हुए कहा, कि आज मैं एक बड़ी सौगात लेकर आपके एक सेवक के रूप में आपके बीच आया हूं। कुछ दिन पहले मुझे जम्मू में आपके अपने रेल डिवीजन का शिलान्यास करने का अवसर मिला था। यह आपकी बहुत पुरानी मांग थी। आज मुझे सोनमर्ग सुरंग देश को और आपको सौंपने का मौका मिला है, यानी जम्मू-कश्मीर की, लद्दाख की एक और बहुत पुरानी मांग आज पूरी हुई है।’’

उन्होंने कहा कि सोनमर्ग सुरंग का वास्तविक निर्माण कार्य, उनकी सरकार ने 2015 में शुरू किया था और ‘‘ मुझे खुशी है कि इस सुरंग का काम हमारी ही सरकार में पूरा भी हुआ है।’’ प्रधानमंत्री का सभा में स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने राज्य में निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए उनका और चुनाव आयोग का आभार जताया। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का वायदा भी जल्द पूरा करेंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि इस टनल से सर्दियों के मौसम में सोनमर्ग की कनेक्टिविटी भी बनी रहेगी और इससे सोनमर्ग सहित पूरे इलाके में पर्यटन उद्योग को नए पंख लगेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर में रेल और सड़क सुविधाओं का और विस्तार होगा। प्रधानमंत्री ने कहा, कि ‘अब तो कश्मीर वादी रेल से भी जुड़ने वाली है। मैं देख रहा हूं कि इसको लेकर भी यहां जबरदस्त खुशी का माहौल है।’’ उन्होंने कहा, कि ‘आज भारत, तरक्की की नयी बुलंदी की तरफ बढ़ चला है। हर देशवासी 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में जुटा है। यह तभी हो सकता है, जब हमारे देश का कोई भी हिस्सा, कोई भी परिवार तरक्की से पीछे न छूटे।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के सफर में बहुत बड़ा योगदान, हमारे पर्यटन क्षेत्र का है। बेहतर संपर्क सुविधाओं के कारण, जम्मू-कश्मीर के उन इलाकों तक भी पर्यटक पहुंचेंगे, जो अभी तक अनछुए हैं।’’ उन्होंने कहा कि बीते 10 सालों में जम्मू-कश्मीर में अमन और तरक्की का जो माहौल बना है, उसका फायदा हम पहले ही पर्यटन क्षेत्र में देख रहे हैं। साल 2024 में दो करोड़ से अधिक पर्यटक जम्मू-कश्मीर आये हैं। यहां सोनमर्ग में भी 10 साल में छह गुना ज्यादा पर्यटक बढ़े हैं। इसका लाभ यहां की जनता को हुआ है।

पीएम मोदी ने अपने भाषण के प्रारंभ में कहा, कि ‘आज का दिन बहुत ही खास है। आज देश के हर कोने में उत्सव का माहौल है। आज से ही प्रयागराज में महाकुंभ आरंभ हो रहा है। करोड़ों लोग वहां पवित्र स्नान के लिए उमड़ रहे हैं। आज पंजाब सहित पूरा उत्तर भारत लोहड़ी की उमंग से भरा है।’’ उन्होंने कहा, कि ‘इसके लिए ही हमारी सरकार सबका साथ-सबका विकास की भावना के साथ पूरे समर्पण से दिन-रात काम कर रही है। बीते 10 साल में जम्मू-कश्मीर सहित पूरे देश के चार करोड़ से ज्यादा गरीबों को पक्के घर मिले। आने वाले समय में 3 करोड़ और नए घर गरीबों को मिलने वाले हैं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में भी बीते 10 साल में एक से बढ़कर एक शिक्षण संस्थान बने हैं। इसका बहुत बड़ा लाभ यहां के हमारे नौजवानों को हुआ है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर तो अब सुरंग का, ऊंचे-ऊंचे पुलों का, रोप-वे का हब बनता जा रहा है। दुनिया की सबसे ऊंची सुरंगें यहां बन रही हैं, दुनिया के सबसे ऊंचे रेल-रोड ब्रिज, दुनिया की सबसे ऊंची रेल लाइन यहां बन रही हैं। इससे पहले, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उम्मीद जाहिर की है कि पीएम मोदी जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने के वादे को जल्द ही पूरा करेंगे।

उन्होने यहां सोनमर्ग सुरंग के उद्घाटन समारोह के बाद आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा, कि ‘जम्मू-कश्मीर में चुनाव कराए गए और उसमें सबसे बड़ी बात यह थी कि चुनाव में अनियमितता की कोई शिकायत नहीं थी, सत्ता के दुरूपयोग की कोई शिकायत नहीं थी। इसका श्रेय आपको (प्रधानमंत्री मोदी), आपके सहयोगियों और भारत के चुनाव आयोग को जाता है। मेरा दिल कहता है कि बहुत जल्द ही आप (मोदी) राज्य का दर्जा बहाल करने के अपने वादे को भी पूरा करेंगे।’’

प्रधानमंत्री ने इससे पहले मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं के साथ सुरंग का गंदेरबल जिले में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण 6.4 किलोमीटर लंबी जेड-मोड़ (सोनमर्ग सुरंग) का उद्घाटन किया। श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर जेड-मोड़ सुरंग परियोजना का निर्माण 2,700 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से किया गया है। इसमें सोनमर्ग मुख्य सुरंग, एक निकास सुरंग और पहुंच मार्ग शामिल हैं। इस सुरंग के निर्माण से पर्यटक वर्ष भर सोनमर्ग आ सकेंगे। साथ ही शीतकालीन पर्यटन, साहसिक खेल और स्थानीय आजीविका को भी बढ़ावा मिलेगा। समुद्र तल से 8,650 फुट की ऊंचाई पर स्थित इस सुरंग से श्रीनगर और सोनमर्ग के बीच हर मौसम में सड़क मार्ग से आना-जाना सुगम होगा और लेह पहुंचने में भी आसानी होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें